sidebar advertisement

खूब खेलो कूदो, अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सफलता के आसमान छू लो : सीएम शिवराज

भोपाल, 16 सितम्बर (एजेन्सी)। ओलंपिक गेम्स, एशियन गेम्स एवं अन्य अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर पदक अर्जित करने वाले खिलाड़ियों को दोगुनी पुरस्कार राशि मिलेगी। इन खेलो में चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले खिलाड़ियों को भी पुरस्कार राशि दी जाएगी। राज्य के खेल पुरस्कार एकलव्य 15 से बढ़ाकर 20 खिलाड़ियों को, विक्रम पुरस्कार 12 से बढ़ाकर 20 और विश्वामित्र पुरस्कार तीन से बढ़ाकर पांच प्रशिक्षकों को दिए जाएंगे।
मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने शनिवार को मध्यप्रदेश खेल अलंकरण समारोह में खिलाड़ियों सम्मानित करने के बाद कई घोषणाएं की। मुख्यमंत्री चौहान खेल संघों की नियमित गतिविधियों के संचालन के लिए प्रत्येक राज्य स्तरीय खेल संघ को प्रतिवर्ष पांच लाख रुपये दिए जाने की घोषणा की।

मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि प्रदेश में खेल गतिविधियों का निरंतर विकास हुआ है। खेलों की अधोसंरचना का विस्तार हो रहा है। इसके सुव्यवस्थित संचालन के लिए खेल विभाग के अमले की पुर्नसंरचना की जाएगी। साथ ही महानिदेशक खेल का पद भी सृजित किया जाएगा। खेल अकादमी के मुख्य तकनीकी सलाहकारों, प्रशिक्षकों आदि अमले की सेवा शर्तों को और उपयोगी बनाया जाएगा तथा उनके मानदेय में भी वृद्धि की जाएगी।
मुख्यमंत्री चौहान ने कहा कि नाथू बरखेड़ा में निर्माणाधीन अंतर्राष्ट्रीय स्पोर्टस कॉम्पलेक्स में क्रिकेट स्टेडियम के साथ अंतर्राष्ट्रीय स्तर के स्वीमिंगपूल और सायकलिंग वेलोड्रोम का निर्माण किया जाएगा। उन्होंने प्रदेश के खिलाड़ियों को सौगात देते हुए प्रत्येक विभाग में खिलाड़ी कोटे से भर्ती के लिए पद आरक्षित किए जाने की घोषणा की। मुख्यमंत्री चौहान ने खेल पुरस्कार से सम्मानित सभी खिलाड़यों को बधाई और शुभकामनाएं देते हुए कहा कि खूब खेलो कूदो, अपने उत्कृष्ट प्रदर्शन से सफलता के आसमान छू लो।
मुख्यमंत्री चौहान ने खेलो एमपी यूथ गेम्स के प्रतीक चिन्ह व शुभंकर का अनावरण किया। उन्होंने साल 2021 और 2022 के पुरस्कार प्राप्त खिलाड़ियों और प्रशिक्षकों पर आधारित स्मारिका का विमोचन किया। साथ ही चौहान ने ‘इन परस्यूट ऑफ एक्सीलेंस’ नामक पुस्तक का विमोचन भी किया। कार्यक्रम में केन्द्रीय खेल और युवा मामलों के मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने 49 खेलो इंडिया सेंटर्स का वर्चुअल शुभारंभ भी किया।
खेल और युवा कल्याण मंत्री यशोधरा राजे सिंधिया ने कहा कि मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान के नेतृत्व में मध्यप्रदेश जीरो से हीरो बन कर उभर रहा है। प्रदेश में विगत वर्षों में खेल के बुनियादी ढांचे में बदलाव कर आधुनिकतम सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए जो कार्य किए गए हैं, उसी के श्रेष्ठ परिणाम आज सामने है। सिंधिया ने कहा कि प्रदेश के बेहतर अधोसंरचना विकास का नतीजा है कि केन्द्र सरकार द्वारा प्रदेश के 49 खेलो इंडिया सेंटर्स का आज शुभारंभ किया गया। मुख्यमंत्री चौहान की मंशानुसार खेलो एमपी यूथ गेम्स की शुरुआत की गई है। खेलो एमपी यूथ गेम्स युवा खिलाड़ियों को आगे बढ़ाने के लिए बेहतर मंच साबित होगा।

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

sidebar advertisement

National News

Politics