नितिन नबीन को मिली भाजपा की कमान, पीएम मोदी ने दी बधाई

नई दिल्ली । भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन (Nitin Nabin) को पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश के अनुसार यह नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी। ऐसे में जेपी नड्डा के बाद अब पार्टी की जिम्मेदारी नितिन नबीन ही संभालेंगे। पार्टी की ओर से इस नियुक्ति को बिहार के साथ-साथ राष्ट्रीय राजनीति में भाजपा की रणनीतिक मजबूती के तौर पर देखा जा रहा है।

नितिन नबीन पांच बार के विधायक हैं। मौजूदा वक्त में वह पटना की बांकीपुर विधानसभा सीट से विधायक हैं। बांकीपुर से इस बार नितिन नबीन पांचवीं बार विधायक बने हैं। नबीन छत्तीसगढ़ भाजपा के प्रभारी भी हैं। बिहार सरकार में मंत्री नितिन नबीन कायस्थ समुदाय से आते हैं। 45 साल के नबीन सड़क निर्माण मंत्री हैं। इसी के साथ वह भाजपा नेता किशोर सिन्हा के बेटे हैं।

बता दें कि यह नियुक्ति 14 दिसंबर 2025 यानी आज से तत्काल प्रभाव से लागू हो गई है। इस संबंध में पार्टी की ओर से औपचारिक संगठनात्मक आदेश जारी किया है। भाजपा के  राष्ट्रीय महासचिव एवं मुख्यालय प्रभारी अरुण सिंह की ओर से जारी आदेश के मुताबिक यह नियुक्ति भाजपा के संसदीय बोर्ड की तरफ से की गई है। आदेश में लिखा है कि भारतीय जनता पार्टी के संसदीय बोर्ड ने नितिन नबीन, मंत्री बिहार सरकार को भारतीय जनता पार्टी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किया है। उपरोक्त नियुक्ति तत्काल प्रभाव से लागू होगी।

भाजपा के नए राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष  नितिन नबीन पटना में जन्मे। उनके पिता नवीन किशोर प्रसाद सिन्हा बीजेपी के वरिष्ठ नेता और पूर्व विधायक रहे हैं। बता दें कि पिता के निधन के बाद नबीन ने सक्रिय रूप से चुनावी राजनीति में आए।  चुनाव लड़ने से पहले नितिन नबीन भाजयुमो में भी सक्रिय भूमिका निभा चुके हैं। उन्होंने पहली बार साल 2006 में उपचुनाव में जीत दर्ज की थी। इसके बाद उन्होंने 2010, 2015, 2020 और अब 2025 के बिहार विधानसभा चुनावों में लगातार विजयी हासिल की।

हाल ही में संपन्न हुए 2025 के बिहार विधानसभा चुनाव में नितिन नबीन ने 98,299 वोट हासिल करके आरजेडी प्रत्याशी रेखा कुमारी को 51 हजार से अधिक वोटों के बड़े अंतर से हराया है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिहार के मंत्री नितिन नबीन को बीजेपी का राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त होने पर बधाई दी है। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में कहा, नितिन नबीन जी ने एक कर्मठ कार्यकर्ता के रूप में अपनी पहचान बनाई है। वे एक युवा और कर्मठ नेता हैं, जिन्हें संगठनात्मक अनुभव का भरपूर लाभ है और बिहार में विधायक और मंत्री के रूप में उनका कार्यकाल प्रभावशाली रहा है। उन्होंने जनता की आकांक्षाओं को पूरा करने के लिए अथक परिश्रम किया है। वे अपने विनम्र स्वभाव और व्यावहारिक कार्यशैली के लिए जाने जाते हैं। मुझे विश्वास है कि उनकी ऊर्जा और समर्पण आने वाले समय में हमारी पार्टी को मजबूती प्रदान करेंगे। भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनने पर उन्हें हार्दिक बधाई।

अमित शाह ने नितिन नबीन की नियुक्त पर बधाई दी। उन्होंने अपने एक्स पोस्ट में लिखा, भाजपा संसदीय बोर्ड के वरिष्ठ नेताओं द्वारा नितिन नबीन जी को राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष नियुक्त किए जाने पर उन्हें हार्दिक बधाई देता हूं। भाजपा युवा मोर्चा के राष्ट्रीय महासचिव हो, या बिहार में प्रदेश युवा मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष या छत्तीसगढ़ के प्रदेश प्रभारी, उन्होंने संगठन के हर दायित्व को पूरी निष्ठा और सफलता से निभाया है। बिहार में 5 बार विधायक एवं प्रदेश सरकार में मंत्री के रूप में उनके पास जनता के बीच लम्बे समय से कार्य करने का अनुभव है। आज उनका राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बनना दिन-रात परिश्रम करने वाले हर युवा भाजपा कार्यकर्ता का सम्मान है। मैं उनके नवीन दायित्व और सफल कार्यकाल के लिए शुभकामनाएं देता हूं।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics