मुंबई (ईएमएस)। कॉमेडियन कुणाल कामरा से जुड़े विवाद पर महाराष्ट्र विधान परिषद में बोलते हुए महाराष्ट्र के गृह राज्य मंत्री योगेश कदम ने कहा, उनके कॉल रिकॉर्डिंग, सीडीआर और बैंक स्टेटमेंट की भी जांच की जाएगी। हम पता लगाएंगे कि इसके पीछे कौन है।
कॉमेडियन कुणाल कामरा ने अपने शो में महाराष्ट्र के डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे पर उनका नाम लिए बिना विवादित टिप्पणी की थी। उन्होंने उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पर बिना नाम लिए कटाक्ष करते हुए उन्हें गद्दार बोला था। इस विवादित टिप्पणी को लेकर कुणाल कामरा पर केस भी दर्ज किया गया है।
वहीं इस विवादित बयान के बाद भड़के शिवसैनिकों ने जहां शो का आयोजन किया गया था, वहां धावा बोल दिया। जानकारी के मुताबिक, मुंबई के खार इलाके में होटल यूनिकॉन्टिनेंटल में शिवसेना के कार्यकर्ताओं की ओर से तोड़फोड़ की गई। इसके बाद शिवसेना युवा सेना (शिंदे गुट) के महासचिव राहुल कनाल और 19 अन्य के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की गई। बीएनएस और महाराष्ट्र पुलिस अधिनियम की कई धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज की गई।
वहीं इस विवाद पर महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री अजित पवार ने कहा कि किसी को भी कानून और संविधान का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। उन्हें अपनी बातों पर नियंत्रण रखना चाहिए। पवार ने कहा, किसी को भी कानून और संविधान का उल्लंघन नहीं करना चाहिए। विचारधाराएं अलग-अलग हो सकती हैं, लेकिन बयान कानून के दायरे में दिए जाने चाहिए। किसी को यह सुनिश्चित करना होगा कि उसकी टिप्पणी नए मुद्दे और कानून-व्यवस्था के लिए समस्या पैदा न करें।
#anugamini
No Comments: