RJD को मौका मिला, तो बिहार में फिर जंगलराज जैसे हालात होंगे : नित्यानंद राय

दरभंगा । ’50 साल पहले कांग्रेस ने देश पर आपातकाल थोपकर लोकतंत्र की हत्या की। आज तक इसके लिए माफी नहीं मांगी। यह कांग्रेस का अहंकार और असली चेहरा है। उस समय राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ ने भूमिगत रहकर सत्याग्रह किया। पर्चे बांटे, सूचना पहुंचाई। कांग्रेस की तानाशाही को उजागर किया। नरेंद्र मोदी उस समय साधारण कार्यकर्ता थे। उन्होंने आपातकाल का विरोध किया। लोगों को जागरूक किया। कांग्रेस की सच्चाई गांव-गली तक पहुंचाई। कांग्रेस को आपातकाल के 50 वर्ष पूरा होने पर 50 बार माफी मांगनी चाहिए।’ ये बातें केंद्रीय गृहराज्य मंत्री नित्यानंद राय ने शनिवार को दरभंगा में कही।

नित्यानंद राय ने अलीनगर प्रखंड के एक निजी विवाह भवन में पत्रकारों से बातचीत की। इसके बाद घनश्यामपुर प्रखंड के नगर पंचायत क्षेत्र के रनपरती मैदान में जनसभा को संबोधित किया। फिर यहां से बहादुरपुर प्रखंड क्षेत्र के खराजपुर गांव के बूथ संख्या 127 पर बूथ सशक्तिकरण अभियान कार्यक्रम में शामिल हुए। फिर पटना, हाजीपुर के लिए रवाना हो गए।

नित्यानंद राय ने कहा कि साल 2014 में जब नरेंद्र मोदी ने प्रधान सेवक के रूप में देश की सेवा शुरू की, तब से लोकतंत्र की जड़ें मजबूत हुईं। 11 साल में लोकतंत्र इतना मजबूत हो गया कि अब कांग्रेस लोकतांत्रिक संस्थाओं पर पंजा नहीं मार सकती।

जनसभा में नित्यानंद राय ने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आते ही संविधान को कुचलती है। आज ‘संविधान बचाओ’ का नारा देने वाली कांग्रेस वही पार्टी है, जिसने सबसे पहले संविधान को रौंदा। जब देश की सुरक्षा की बात होती है, पाकिस्तान के खिलाफ ऑपरेशन सिंदूर होता है, तब कांग्रेस सेना पर सवाल उठाती है। यह सिर्फ राजनीति नहीं, देशद्रोह है।

नित्यानंद राय ने राष्ट्रीय जनता दल और उसके नेताओं पर भी निशाना साधा। कहा कि जिस कांग्रेस ने जयप्रकाश नारायण को जेल में डाला, उसी कांग्रेस की गोद में आज लालू यादव और तेजस्वी यादव बैठे हैं। खुद को जयप्रकाश जी का अनुयायी बताने वाले आज उन्हीं के विरोधियों के साथ हैं। पूरा बिहार यह सच जानता है।

नित्यानंद राय ने कहा, राजद को मौका मिला तो बिहार में फिर गुंडाराज, जंगलराज और आपातकाल जैसे हालात बनेंगे। 13 करोड़ लोगों के अधिकार कुचले जाएंगे। जनता को सतर्क रहना होगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि बिहार और भारत के विकास के लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली सरकार को समर्थन दें।

सभा में सांसद गोपाल जी ठाकुर ने कहा, दरभंगा में एम्स नरेंद्र मोदी सरकार की ओर से बन रहा है। मखाना, एयरपोर्ट, बाढ़ और वर्षा से मिथिला के लोगों को राहत देने के लिए गैस सिलेंडर की सुविधा मोदी सरकार ने दी है। अब मिथिला के लोगों की गारंटी मोदी सरकार है। उन्होंने कहा, सीतामढ़ी में माता सीता का भव्य मंदिर बनेगा।

नित्यानंद राय ने कहा, कांग्रेस आपातकाल जैसे कानून लागू कर संविधान का मजाक उड़ाती है। जेब में संविधान लेकर घूमने वाले लोग आज संविधान की दुहाई देकर नाटक कर रहे हैं। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी लोकतंत्र और संविधान के सच्चे पुजारी हैं। कांग्रेस ने संविधान की आत्मा को कुचलने का काम किया। 25 जून 1975 को इंदिरा गांधी ने आपातकाल लगाया। बहाना था आंतरिक अशांति का। असल मंशा सत्ता बचाने की थी। विपक्ष के नेताओं और छात्रों को जेल में डाल दिया गया।

नित्यानंद ने कहा, इंदिरा गांधी ने मीसा कानून के जरिए लोगों पर अत्याचार किया। लोगों ने उसका दर्द सहा। उन्होंने मीसा भारती से भी अपील की कि अपने पिता लालू यादव को याद दिलाएं कि उन्होंने जयप्रकाश नारायण को धोखा दिया। आज कांग्रेस की गोद में बैठ गए हैं। कांग्रेस और राजद परिवारवाद से बाहर नहीं निकल सकते। देश का मतलब लोकतंत्र है। लोकतंत्र का मतलब भारत है। और आज लोकतंत्र के पुजारी नरेंद्र मोदी हैं।

मौके पर दरभंगा सांसद गोपाल जी ठाकुर, प्रदेश उपाध्यक्ष अमृता भूषण, मंत्री हरि सहनी, उमेश चंद्र कुशवाहा,जिला महामंत्री संजय सिंह उर्फ पप्पू सिंह, उपाध्यक्ष श्रवण चौधरी, प्रदेश कार्यकारिणी सदस्य माधव झा आजाद, प्रखंड अध्यक्ष पूर्वी सुधीर सिंह, नगर पंचायत अध्यक्ष रंजीत झा, तारडीह पूर्वी पुरुषोत्तम झा सहित भाजपा के सदस्य मौजूद रहे।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics