गयाजी । गया नगर सीट से भाजपा प्रत्याशी डॉक्टर प्रेम कुमार ने शुक्रवार को नवमी बार नामांकन दाखिल किया। नामांकन के बाद हरिदास सेमिनरी हाल में एक भव्य सभा आयोजित हुई। मंच पर गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत, मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव और बिहार के उपमुख्यमंत्री सम्राट चौधरी मौजूद रहे। तीनों नेताओं ने भाजपा प्रत्याशी के पक्ष में जमकर माहौल बनाया।
सभा को संबोधित करते हुए मध्यप्रदेश के मुख्यमंत्री मोहन यादव ने कहा कि प्रेम कुमार का प्रेम अब अजय यात्रा की ओर बढ़ चुका है। यह यात्रा एनडीए को अजय बनाने वाली है। उन्होंने कहा कि गया की धरती अद्भुत है, जहां सनातन एक होता है। यह वह भूमि है जिसका संबंध देश के हर कोने से है। हमारे कुल देवता-देवियां यहीं वास करते हैं।
कांग्रेस पर तंज कसते हुए उन्होंने कहा कि महात्मा गांधी की कांग्रेस और आज की कांग्रेस में जमीन-आसमान का फर्क है। नेता प्रतिपक्ष को न भाषा की समझ है, न शालीनता की। न्यायपालिका पर भरोसा रखने के बजाय उसका अपमान करते हैं। यहां तक कि विदेश जाकर देश और सेना की बहादुरी पर सवाल उठाते हैं। ऐसे नेताओं को डूब मरना चाहिए।
मोहन यादव ने कहा कि 2005 से पहले का बिहार और आज का बिहार बिल्कुल अलग है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश के साथ बिहार भी विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से अपील की कि जब तक हर मतदाता एनडीए के पक्ष में मतदान न कर दे तब तक चैन से न बैठें। तभी पटना के साथ दिल्ली भी मजबूत होगी।इस मौके पर डिप्टी सीएम सम्राट चौधरी ने कहाकि पहले गया से पटना पहुंचने में चार घंटे लगते थे। अब डेढ़ घंटे में सफर पूरा हो जाता है। उन्होंने कहा, यह फर्क केवल विकासशील बिहार की पहचान है।
#anugamini #bihar
No Comments: