अमित शाह का कांग्रेस पर हमला, बोले- काजीरंगा को घुसपैठियों के हवाले किया

गुवाहाटी । असम में चुनावी बिगुल बज चुका है और इसके साथ ही सियासी वार-पलटवार का दौर भी तेज हो गया है। इसी सिलसिले में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह ने कलियाबोर में जनसभा को संबोधित किया। अपने भाषण के दौरान अमित शाह ने कांग्रेस पर जमकर निशाना साधा। उन्होंने कांग्रेस पर कई गंभीर आरोप भी लगाए हैं।

भाजपा के वरिष्ठ नेता अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस के समय राज्य को सिर्फ उपेक्षा और पिछड़ेपन के अलावा कुछ नहीं मिला। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने अपने शासन के दौरान विश्व प्रसिद्ध काजीरंगा को घुसपैठियों के हवाले कर दिया था। वहां अवैध कब्जों को बढ़ावा दिया गया जिससे हमारे वन्यजीवों और पर्यावरण को भारी नुकसान पहुंचा। भाजपा सरकार ने उसे फिर से दुनिया के नक्शे पर चमकाया।

अमित शाह ने आगे कहा कि आज काजीरंगा पूरी तरह से सुरक्षित है। सरकार ने न सिर्फ जंगलों को अतिक्रमण मुक्त कराया, बल्कि काजीरंगा को दुनिया के पर्यटन मानचित्र पर एक मजबूत पहचान दिलाई है। आज देश-विदेश से लाखों पर्यटक बिना किसी डर के यहां आ रहे हैं, जिससे स्थानीय लोगों को रोजगार भी मिल रहा है।

अमित शाह ने कहा कि ये कांग्रेस वालों ने कभी असम के विकास के लिए कुछ नहीं किया। राहुल बाबा आज यहां आए थे बड़े गरज-गरजकर बोल रहे थे ये हो गया वो हो गया। अरे राहुल बाबा 15 वर्ष तक आपकी सरकार रही, लेकिन असम के लिए आपने क्या किया? 2004-2014 तक असम में कांग्रेस की सरकार थी। ऊपर भी मनमोहन की सरकार रही, नीचे भी कांग्रेस की सरकार थी। लेकिन आपने असम के विकास के लिए क्या दिया? आपने सिर्फ 1,28,000 करोड़ रुपए दिए। हमारे नेता नरेंद्र मोदी ने सिर्फ दश वर्ष में 978000 करोड़ रुपए देने का काम किया है।

असम में जनसभा को संबोधित करने से पहले गृह मंत्री अमित शाह पश्चिम बंगाल की भवानीपुर विधानसभा सीट से भाजपा उम्मीदवार सुवेंदु अधिकारी के नामांकन कार्यक्रम में शामिल हुए। सुवेंदु भवानीपुर और नंदीग्राम विधानसभा क्षेत्रों से चुनाव लड़ रहे हैं।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics