गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने आज कहा कि ‘विकसित सिक्किम’ के माध्यम से ही ‘विकसित भारत’ का लक्ष्य हासिल किया जा सकता है।
गंगटोक के मनन केंद्र में “विकसित सिक्किम से विकसित भारत एट2047” नामक दो दिवसीय एक विशेष कार्यशाला के उद्घाटन सत्र को संबोधित करते हुए सीएम गोले ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और भारत सरकार को ग्यारह साल के सफल कार्यकाल पूरा होने पर अपनी शुभकामनाएं दी। मुख्यमंत्री ने कहा, सिक्किम सरकार और राज्य के लोगों की ओर से मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को नि:स्वार्थ सेवा, मजबूत शासन और गरीबों और वंचितों के कल्याण के प्रति प्रतिबद्धता के 11 साल पूरे करने के लिए बधाई देता हूं। उन्होंने देश के लिए पीएम मोदी के नेतृत्व और विजन की प्रशंसा करते हुए कहा कि “सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास, सबका प्रयास” के नारे ने देश को एकजुट किया है और इसे प्रगति के पथ पर आगे बढ़ाया है।
सीएम गोले के अनुसार, भारत लगातार आत्मनिर्भर और विकसित राष्ट्र बनने की दिशा में अग्रसर है और सिक्किम को इस यात्रा का हिस्सा होने पर गर्व है। उन्होंने कहा, हमारा देश वैश्विक शक्ति बनने की दिशा में आगे बढ़ रहा है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा प्रदान की गई दृष्टि और दिशा ने हर राज्य को इस राष्ट्रीय मिशन में सार्थक योगदान देने के लिए प्रेरित किया है। हम सिक्किम में आत्मनिर्भर भारत के उनके विचार का पूरा समर्थन और सराहना करते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा सरकार 2019 से केंद्र के राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन का हिस्सा है और उसके मार्गदर्शन में अपने यहां लोगों की सुरक्षा, संस्कृति, पर्यावरण संरक्षण और राज्य के आर्थिक विकास पर ध्यान केंद्रित कर रहा है।
इसके अलावा, सीएम गोले ने चुनौतीपूर्ण समय, खासकर प्राकृतिक आपदाओं के दौरान केंद्र सरकार के लगातार समर्थन के लिए भी धन्यवाद दिया। उन्होंने कहा, जब भी सिक्किम को मुश्किलों का सामना करना पड़ा है, चाहे वह भूस्खलन हो, बाढ़ हो या कोई अन्य आपदा हो, केंद्र सरकार हमारी मदद के लिए आगे आई है। उनकी समय पर सहायता ने हमारे राज्य को उबरने और अपनी विकास यात्रा जारी रखने में मदद की है।” उन्होंने कहा कि केंद्र सरकार के समर्थन ने सिक्किम के समग्र विकास में बड़ी भूमिका निभाई है। चाहे सड़क संपर्क, स्वास्थ्य सेवा, शिक्षा या आपदा राहत के क्षेत्र में, केंद्र का योगदान महत्वपूर्ण रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा, आज सिक्किम में जो विकास हम देख रहे हैं, वह केंद्र के मजबूत समर्थन से संभव हुआ है। इसके लिए मैं प्रधानमंत्री मोदी जी और भारत सरकार का गहरा आभार व्यक्त करता हूं। उन्होंने कहा कि सिक्किम के लोग 2047 तक विकसित भारत के सपने को साकार करने में अपना योगदान देने के लिए प्रतिबद्ध हैं। ऐसे में, उन्होंने इस तरह की कार्यशालाओं को महत्वपूर्ण बताते हुए कहा कि ये स्थानीय प्रयासों को राष्ट्रीय लक्ष्यों के साथ जोड़ने में मदद करती हैं। उन्होंने कहा, एक विकसित भारत को प्राप्त करने के लिए हमें एक विकसित सिक्किम सुनिश्चित करना होगा। हमारा राज्य छोटा है, लेकिन हम एकता, संस्कृति और प्रतिबद्धता में मजबूत हैं। इसके साथ ही सीएम ने कार्यशाला के सभी प्रतिभागियों को धन्यवाद देते हुए अधिकारियों को समर्पण के साथ काम करना जारी रखने के लिए प्रोत्साहित किया। उन्होंने कहा, हम सभी को सकारात्मक बदलाव लाने के लिए मिलकर काम करना चाहिए। सामूहिक प्रयास से ही हम एक मजबूत और समृद्ध भारत के सपने को साकार कर सकते हैं।
#anugamini #sikkim
No Comments: