गंगटोक : सिक्किम ने पहलगाम आतंकी हमले में मारे गए 28 देशवासियों के प्रति अपनी गहरी संवेदना व्यक्त की है और आतंकी हमले की कड़ी निंदा की है। इसके लिए राज्य की सत्तारूढ़ सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा पार्टी ने आज दोपहर राजधानी गंगटोक में एमजी मार्ग पर श्रद्धांजलि कार्यक्रम और मोमबत्ती रैली का आयोजन किया।
इस कार्यक्रम में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) सहित अन्य लोग उपस्थित थे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री गोले ने कहा, सिक्किम इस समय देश के साथ खड़ा है। उन्होंने कहा कि देश अब ऐसे दौर में है जब सभी को एकता की जरूरत है। उन्होंने आगे कहा कि हालांकि सिक्किम क्षेत्रफल और जनसंख्या की दृष्टि से देश के सबसे छोटे राज्यों में से एक है, लेकिन जब बात देश की आती है तो यह हमेशा पहले स्थान पर आता है।
उन्होंने बताया कि जब 2021 में लद्दाख में कई भारतीय सैनिक शहीद हुए, तब भी सिक्किम ने इसी तरह देश के साथ एकजुटता व्यक्त की थी। उस समय सिक्किम सरकार ने सभी शहीद सैनिकों के परिवारों को एक-एक लाख रुपये की आर्थिक सहायता भी प्रदान की थी।
मुख्यमंत्री गोले ने पहलगाम आतंकी हमले को भारत के लिए एक झटका बताया। उन्होंने कहा कि हालांकि इस नरसंहार में सिक्किम के किसी व्यक्ति को नुकसान नहीं हुआ, फिर भी सभी सिक्किमवासी एकजुट होकर ऐसे आतंकवादी हमलों की निंदा और विरोध करेंगे। मुख्यमंत्री ने हमले में मारे गए 28 नागरिकों को श्रद्धांजलि दी तथा घायलों के शीघ्र स्वस्थ होने की कामना की।
मृतकों को श्रद्धांजलि देने के लिए आज एमजी मार्ग पर मोमबत्ती जुलूस भी निकाला गया। मुख्यमंत्री गोले भी जुलूस में शामिल हुए। जुलूस में भाग लेने वाली बड़ी भीड़ ने भारत माता की जय और बंदे मारतम् के गगनचुम्बी नारे लगाये। इससे पहले, एक छोटे से औपचारिक कार्यक्रम के दौरान, एक हिंदू पंडित, एक बौद्ध लामा और एक पादरी ने आतंकवादी हमले में मारे गए लोगों की आत्मा की शांति के लिए प्रार्थना की, जिसके बाद मुख्यमंत्री और अन्य लोगों ने मोमबत्तियां जलाईं और मृतकों को श्रद्धांजलि दी। श्रद्धांजलि समारोह में सिक्किम विधानसभा के अध्यक्ष एमएन शेरपा, मंत्री एवं विधायक, पूर्व विधायक एवं मुख्यमंत्री की पत्नी श्रीमती कृष्णा राई तथा अन्य लोग शामिल हुए।
#anugamini #sikkim
No Comments: