गंगटोक : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) ने कहा है कि सिक्किम प्राकृतिक आपदाओं के लिए अच्छी तरह से तैयार है, राज्य ग्लेशियल लेक आउटबर्स्ट फ्लड (जीएलओएफ) का जोखिम कम करने की दिशा में केंद्र सरकार के साथ मिलकर कार्य कर रहा है।
मुख्यमंत्री गोले ने आज यहां इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू के साथ मुख्य मंच पर आकर आपदा तैयारी, कनेक्टिविटी, पर्यावरण संरक्षण और शासन में सिक्किम की प्रगति को रेखांकित किया। सीएम गोले ने राज्य में बुनियादी ढांचा विकास पर चर्चा करते हुए यह पुष्टि की कि सिक्किम जल्द ही रेल नेटवर्क से जुड़ जाएगा और राज्य के लिए वैकल्पिक मार्ग पर भी काम चल रहा है।
उन्होंने सड़क संपर्क में सुधार पर भी प्रकाश डालते हुए कहा कि एनएच-10 अब एनएचआईडीसीएल के अधीन है और इसका अच्छी तरह से रखरखाव किया जाएगा। इसके लिए प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रति आभार व्यक्त करते हुए उन्होंने राजमार्ग पर अपेक्षित ध्यान दिये जाने का आश्वासन दिया।
वहीं, पर्यावरण संरक्षण में सिक्किम के प्रयासों का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने इस बात पर जोर दिया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की पर्यावरण संबंधी पहलों से प्रेरणा लेते हैं और उन्होंने ‘एक पेड़ मां के नाम’ अभियान की बहुत प्रशंसा की। उन्होंने जब मेरो रुख मेरो संतति के बारे में बात की, जो एक ऐसी पहल है जो हर नवजात शिशु को 108 पेड़ लगाने से जोड़ती है, और शिशु समृद्धि योजना, जो बच्चे के 18 वर्ष की आयु तक 10800 रुपये की सावधि जमा के माध्यम से बच्चों के लिए वित्तीय सुरक्षा सुनिश्चित करती है, तो दर्शकों ने इन योजनाओं के प्रभाव को पहचानते हुए जोरदार तालियों से जवाब दिया।
इसके अलावा, मुख्यमंत्री ने सिक्किम के भारत में विलय के 50 साल पूरे होने के प्रतीक स्वरूप बनाये जाने वाले आगामी स्वर्ण जयंती समारोह के बारे में भी बात की। उन्होंने कहा कि सिक्किम के लोग भारतीय होने पर बहुत गर्व महसूस करते हैं और यह उत्सव पूरे साल भर जारी रहेगा। उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सिक्किम के स्वर्ण जयंती राज्य समारोह का उद्घाटन करने के लिए उनके निमंत्रण को स्वीकार कर लिया है, जिससे यह राज्य के लिए एक ऐतिहासिक बन गया है।
कांक्लेव में केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू ने भी अपने वक्तव्य में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (गोले) की जमकर तारीफ की और उन्हें न केवल एक दयालु, बल्कि एक प्रगतिशील नेता भी कहा। उन्होंने आर्थिक विकास और पर्यावरण संरक्षण के प्रति सिक्किम के संतुलित दृष्टिकोण की सराहना की और अन्य राज्यों से सिक्किम के शासन मॉडल से प्रेरणा लेने का आग्रह किया। इस पर, मुख्यमंत्री गोले ने पूर्वोत्तर में सिक्किम को एक आदर्श राज्य के रूप में मान्यता देने के लिए केंद्रीय मंत्री के प्रति आभार व्यक्त किया। कुल मिलाकर इंडिया टुडे कॉन्क्लेव 2025 ने सिक्किम की विकास गाथा के लिए एक राष्ट्रीय मंच प्रदान किया, जहां मुख्यमंत्री के नेतृत्व और शासन की व्यापक रूप से सराहना की गई।
#anugamini #sikkim
No Comments: