गंगटोक : 1994 से 2019 तक 25 वर्षों तक सत्ता में रही सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट पार्टी (एसडीएफ) ने आज अपना वार्षिक कार्यक्रम 33वां अखिल भारतीय क्रांति दिवस मनाया। राजधानी के इंदिरा बाईपास स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित कार्यक्रम में पार्टी अध्यक्ष व पूर्व मुख्यमंत्री पवन चामलिंग मुख्य अतिथि थे।
उल्लेखनीय है कि तत्कालीन सिक्किम संग्राम परिषद सरकार के खिलाफ बगावत कर रहे पवन चामलिंग इसी दिन भूमिगत हो गए थे। उस घटना को याद करते हुए एसडीएफ पार्टी हर साल 23 जून को क्रांति दिवस के रूप में मनाती है। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पवन चामलिंग ने कहा कि क्रांति कभी निःसंतान नहीं होती। उन्होंने कहा, एसडीएफ पार्टी की क्रांति भी निःसंतान नहीं रही है। हमारी क्रांति अभी भी फल-फूल रही है।
अपने संबोधन के दौरान उन्होंने मौजूदा सिक्किम क्रांतिकारी मोर्चा सरकार की कड़ी आलोचना करते हुए उसकी तुलना अपनी 25 साल की सरकार से की। इस संदर्भ में बोलते हुए उन्होंने गंभीर आरोप लगाया कि मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग और उनके बेटे (प्रभाकर गोले) ने राज्य की स्वास्थ्य व्यवस्था को बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा, यह सरकार एक हृदयहीन सरकार है। यह एक भ्रष्ट सरकार है। यह बीमारियों के साथ भी राजनीति करती है। पिता और पुत्र मिलकर लोगों को प्रताड़ित कर रहे हैं। स्वास्थ्य मंत्री जोकर की तरह बैठे हैं। उनका कोई स्वाभिमान नहीं है। वह केवल झंडा लहराते हैं। दूसरी तरफ सरकार लोगों की जान के साथ भी राजनीति कर रही है। इससे ज्यादा भ्रष्ट सरकार कोई नहीं हो सकती।
उन्होंने कहा कि आज किसी भी जिला अस्पताल में कोई व्यवस्था नहीं है। यहां से सभी रोगियों को रेफर कर दिया जाता है। दूसरी तरफ सिक्किम सरकार ने राज्य के बाहर के सभी अस्पतालों में डिफाल्टर बन चकी है। पवन चामलिंग ने कहा कि राज्य का अधिकांश बजट राज्य के बाहर के पूंजीवादी व्यापारियों के हाथों में जा रहा है। इस सरकार में बजट आइसक्रीम की तरह हो गया है। यह पिघल जाता है। इसलिए जिसे पहले मिलता है, वह खा लेता है। लोगों तक पहुंचने से पहले यह सरकार के व्यापारिक साझेदारों तक पहुंच जाता है और शीर्ष पर बड़ी परियोजनाएं बनाकर राशि का गबन कर लिया जाता है। इस सरकार ने गरीबों के भाग्य पर लात मारी है। सिक्किम में बच्चों का भविष्य अंधकारमय हो गया है। भविष्य की कोई गुंजाइश नहीं है। सरकारी विभागों में सभी नियुक्तियां पिछले दरवाजे से हो रही हैं।
उन्होंने कहा कि वर्ष 2006 में सुप्रीम कोर्ट ने फैसला देते हुए कहा था कि देशभर में स्थाई या अस्थाई सरकारी नौकरियों में साक्षात्कार के बाद ही नियुक्ति की जानी चाहिए। अब जिस तरह से युवाओं को नौकरी दी जा रही है, वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले का उल्लंघन है। इसी तरह के एक मामले में हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री ओम प्रकाश चौटाला जेल गए थे। इसी तरह का एक मामला बंगाल में चल रहा है। उन्होंने कहा कि यह कानूनी रूप से सही नहीं है। चामलिंग ने एसकेएम सरकार को गरीबों को मारने वाली सरकार बताया। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार हर चीज पर टैक्स लगाकर लोगों को मार रही है इस तरह चामलिंग ने दो घंटे के भाषण में विभिन्न मुद्दों पर एसकेएम सरकार की आलोचना की।
आज के कार्यक्रम को प्रवक्ता रिक्सिंग दोरजी भूटिया और अरुण लिम्बू, नारी मोर्चा प्रभारी श्रीमती कोमल चामलिंग और अन्य ने संबोधित किया, जबकि 2024 के विधानसभा चुनाव में सिक्किम प्रदेश कांग्रेस कमेटी की उम्मीदवार गंगा लेप्चा सिक्किम डेमोक्रेटिक फ्रंट पार्टी में शामिल हुईं।
#anugamini #sikkim
No Comments: