 
                    गंगटोक । मकर संक्रांति के अवसर पर, राज्यपाल ने नामिन एवं सम्लिक ग्राम पंचायत इकाई के अंतर्गत जुंकेरी डाढ़ा में क्षेत्र विधायक एवं स्थानीय लोगों के साथ मकर संक्रांति मनाई।
मकर संक्रांति के अवसर पर सिक्किम के राज्यपाल श्री लक्ष्मण प्रसाद आचार्य ने आज नामिन एवं सम्लिक ग्राम पंचायत इकाई एवं यादव फाउंडेशन के तत्वाधान में जुंकेरी डाढ़ा में स्थानीय लोगों के साथ मकर संक्रांति मनाई। इस अवसर पर राज्यपाल स्थानीय वासियों के साथ कैंप फायर में सम्मलित हुए। कार्यक्रम का आरंभ दीप प्रज्वलन के साथ हुआ। इसके बाद स्थानीय भजन मंडली द्वारा भजन प्रस्तुत किए गए जिस पर उपस्थित सभी झूम उठे। इस दौरान सांस्कृतिक टोली द्वारा लोक नृत्य की भी प्रस्तुति दी गई।
आज के कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण अलाव (कैम्प फायर) रहा जहां राज्यपाल ने ग्राम वासियों के बीच प्रसन्नता के साथ अलाव प्रज्वलित किया। इस अवसर पर खिचड़ी बनाकर प्रसाद के रूप में बांटी गई। राज्यपाल ने ग्रामीणों के मध्य पर्व को मनाते हुए अत्यंत प्रसन्नता व्यक्त की। उन्होंने सभी को मकर संक्रांति की बधाई देते हुए कहा कि हम उक्त पर्व को पूरे देश में विभिन्न नामों से मनाया जाता है। उन्होंने भारत को पर्वों का देश बताते हुए सभी पर्वों को नव उत्साह, नव उमंग एवं सुख-समृद्धि और शांति बताया है। उन्होंने ग्रामीणों द्वारा सामूहिक रूप से मनाए गए आयोजन की सराहना करते हुए कहा कि सभी पर्व हमें सामाजिक और सांस्कृतिक मौके प्रदान करते हैं जो लोगों को एक-दूसरे के साथ जोड़ते हैं। जैसा की आज हम यहां इस पर्व को एकसाथ मिलकर मना रहे हैं। छोटे बच्चों द्वारा गाए गए भजन से राज्यपाल महोदय काफी प्रभावित हुए। अपने बीच राज्यपाल को पाकर स्थानीय गद गद हुए। इसी कड़ी में राज्यपाल ने गुरु देवर्षि वशिष्ठ उद्यान में जाकर पूजा अर्चना कर सिक्किम वासियों के लिए प्रार्थना की।
इस कार्यक्रम में क्षेत्रीय विधायक श्री सोनाम वेनचुंग्पा कौशल विकास विभाग के निदेशक, पंचायत सदस्य, भजन मंडली, सांस्कृतिक टोली, स्थानीय लोग एवं अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।
#anugamini #sikkim
 
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
 
         
         
         
         
        
No Comments: