गंगटोक : सिक्किम राज्य बनने के 50 साल पूरे होने के उपलक्ष्य में दार्जिलिंग के हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान द्वारा पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन विभाग के सहयोग से ‘स्वर्णिम शिखर यात्रा 2026’ का आयोजन किया जा रहा है। यह एक पर्वतारोहण अभियान है जिसमें सिक्किम के 50 दर्रों को पार किया जाएगा। आज यहां एक कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित पर्यटन एवं नागरिक उड्डयन मंत्री छिरिंग थेंडुप भूटिया ने यात्रा के आधिकारिक लोगो का अनावरण किया। साथ ही, उन्होंने प्रतिभागियों को औपचारिक ‘आइस एक्स’ (बर्फ काटने वाली कुल्हाड़ी) भी भेंट की।
गौरतलब है कि राज्य गठन की स्वर्ण जयंती समारोह के तहत ‘स्वर्णिम शिखर यात्रा 2026’ एक ऐतिहासिक पर्वतारोहण पहल जिसका उद्देश्य राज्य में 50 ऊंचे पहाड़ी रास्तों को पार करना है। अच्छी तरह से प्रशिक्षित पर्वतारोहियों के नेतृत्व में और विशेषज्ञ एजेंसियों के सहयोग से यह यात्रा प्रसिद्ध पहाड़ी दर्रों के साथ-साथ कई दूरदराज और अब तक न खोजे गए हिमालयी रास्तों को कवर करेगी।
बताया गया है कि पर्यावरण-अनुकूल तरीकों के प्रति अपनी दृढ़ प्रतिबद्धता के साथ यह यात्रा सिक्किम के उन हिमालयी रास्तों को भी बढ़ावा देना चाहती है जिनके बारे में लोगों को कम जानकारी है। इसका उद्देश्य युवा भागीदारी को प्रेरित करना, राष्ट्रीय गौरव को मजबूत करना और भावी अभियानों तथा प्रशिक्षण उद्देश्यों के लिए इन रास्तों का दस्तावेजीकरण करना है।
इस अवसर पर मंत्री भूटिया ने साहसिक पर्यटन के क्षेत्र में राज्य की क्षमता और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए चल रहे प्रयासों पर प्रकाश डाला। उन्होंने इस बात पर जोर दिया कि विकास और पर्यावरणीय स्थिरता साथ-साथ चलने चाहिए। साथ ही, उन्होंने सिक्किम को साहसिक पर्यटन के लिए एक प्रमुख गंतव्य के रूप में स्थापित करने की आवश्यकता पर बल दिया और प्रतिभागियों को शुभकामनाएं दीं। उन्होंने सभी से पहाड़ों का सम्मान करने और एक सतत पारिस्थितिकी तंत्र के संदेश को आगे बढ़ाने का भी आग्रह किया। उन्होंने पर्यटन को मजबूत करने और सिक्किम को वैश्विक पर्यटन मानचित्र पर प्रमुखता से स्थापित करने में मुख्यमंत्री के सहयोग को भी सराहा।
वहीं, हिमालयन पर्वतारोहण संस्थान के प्राचार्य कर्नल रजनीश जोशी ने यात्रा का संक्षिप्त विवरण प्रस्तुत करते हुए संस्थान की भावी योजनाओं की रूपरेखा बताई। उन्होंने एचएमआई के इतिहास और इसकी स्थापना के बारे में भी विस्तार से बताया, और इसकी गतिविधियों तथा पहलों की एक झलक पेश की। इसके अलावा, उन्होंने सिक्किम और एचएमआई के बीच के जुड़ाव पर प्रकाश डालते हुए यात्रा के पैमाने और इसकी विशिष्टता पर जोर दिया तथा सुरक्षा और तैयारी के महत्व को रेखांकित किया।
इस दौरान, अतिरिक्त मुख्य सचिव सीएस राव ने अभियान के बारे में जानकारी दी और बताया कि यह अभियान 50 प्रमुख दर्रों को कवर करते हुए एक महीने की अवधि में तीन चरणों में पूरा किया जाएगा। उन्होंने संस्थान के साथ सहयोग को और मजबूत करने की आवश्यकता पर भी जोर दिया और अभियान के मार्गों पर बुनियादी ढांचे में मौजूद कमियों को स्वीकार किया। इसके अलावा, उन्होंने सरकार द्वारा की गई पहलों के बारे में बात की और प्रतिभागियों से यात्रा के दौरान स्वच्छता बनाए रखने का आग्रह किया।
कार्यक्रम को पीए पराग प्रियदर्शन ने भी वक्तव्य रखा। इस अवसर पर पर्यटन व नागरिक उड्डयन विभाग के अतिरिक्त निदेशक तेनजिंग गेले, विभाग के साहसिक प्रकोष्ठ के संयुक्त निदेशक काजी शेरपा, एचएमआई के फैकल्टी सदस्य एवं अन्य भी उपस्थित थे।
#anugamini
No Comments: