वंचित समुदायों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना न्यायपालिका की प्राथमिकता : मुख्य न्यायाधीश
सोरेंग : सिक्किम के मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग (Prem Singh Tamang) तथा सिक्किम उच्च न्यायालय के मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर ने आज सोरेंग स्थित सिविल जज सह न्यायिक दंडाधिकारी न्यायालय परिसर में प्रस्तावित नए जिला अदालत परिसर की आधारशिला संयुक्त रूप से रखी।
इस अवसर पर उच्च न्यायालय के न्यायाधीश न्यायमूर्ति भास्कर राज प्रधान, विधानसभा अध्यक्ष एमएन शेरपा तथा श्रम, भवन एवं आवास विभाग के मंत्री भीम हांग लिम्बू विशेष रूप से उपस्थित थे। कार्यक्रम की शुरुआत सोरेंग के जिला एवं सत्र न्यायाधीश डॉ ज्वाला डी थापा के स्वागत भाषण से हुई।
अपने संबोधन में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तमांग ने इस क्षण को सोरेंग जिले के लिए ऐतिहासिक बताते हुए कहा कि इससे दूर-दराज क्षेत्रों के लोगों को अब न्याय की तलाश में लंबी यात्रा नहीं करनी पड़ेगी। उन्होंने मुख्य न्यायाधीश श्री सोमद्दर के प्रति न्यायपालिका को सबल बनाने में उनके मार्गदर्शन के लिए आभार व्यक्त किया। मुख्यमंत्री ने कहा कि यह क्षण उन्हें इसलिए भी विशेष रूप से भावुक करता है क्योंकि वे स्वयं सोरेंग के रहने वाले हैं। उन्होंने सरकार की ओर से सभी वर्गों के लिए न्याय की सहज उपलब्धता सुनिश्चित करने की प्रतिबद्धता दोहराई।
मुख्य न्यायाधीश न्यायमूर्ति विश्वनाथ सोमद्दर ने अपने संबोधन में संविधान के तीन स्तंभों के महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने टाटा ट्रस्ट्स द्वारा तैयार इंडिया जस्टिस रिपोर्ट का उल्लेख करते हुए बताया कि सिक्किम लगातार भारत के छोटे राज्यों में न्याय प्रणाली के सर्वोत्तम प्रदर्शन करने वालों में अग्रणी है। उन्होंने राज्य सरकार द्वारा न्यायपालिका को दिए जा रहे सहयोग की प्रशंसा की और कहा कि सिक्किम में न्यायिक ढांचे के उन्नयन की दिशा में उल्लेखनीय कार्य किए गए हैं। साथ ही, उन्होंने यह भी कहा कि वंचित समुदायों तक न्याय की पहुंच सुनिश्चित करना न्यायपालिका की सर्वोच्च प्राथमिकता है।
भवन एवं आवास विभाग की प्रधान मुख्य अभियंता सह सचिव सुश्री आशा गुरुंग ने प्रस्तावित जिला अदालत परिसर की विस्तृत तकनीकी रिपोर्ट प्रस्तुत की। प्राप्त जानकारी के अनुसार जिला अदालत परिसर 2.6 एकड़ भूमि पर विकसित किया जाएगा। कुल 1,13,952 वर्ग फुट क्षेत्र में निर्मित होने वाला यह परिसर अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित होगा। परियोजना में जिला अदालत भवन, एनेक्सी ब्लॉक, विद्यमान सीजेएम कोर्ट परिसर, प्रस्तावित जिला एवं सत्र न्यायाधीश का आवास, विद्यमान आवास, सीजेएम एवं जेएम के लिए प्रस्तावित आवासीय क्वार्टर शामिल हैं।
कार्यक्रम में मधुमती सोमद्दर, सोरेंग-च्याखुंग विधायक आदित्य गोले, विधायक (सलघारी-जूम) मदन सिंचुरी, उच्च न्यायालय के पूर्व न्यायाधीश न्यायमूर्ति एपी सुब्बा एवं न्यायमूर्ति सोनम पिंछो वांग्दी, बार एसोसिएशन के अध्यक्ष एवं सदस्य, जिला अध्यक्ष-उपाध्यक्ष, जिला पंचायत, पंचायत प्रतिनिधि तथा विभिन्न विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। कार्यक्रम का संचालन सिविल जज-सह-न्यायिक दंडाधिकारी, एसएच सुब्बा (लिम्बू) ने किया। अंत में मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी सह वरिष्ठ सिविल जज श्रीमती रोहिणी राई ने धन्यवाद ज्ञापन प्रस्तुत किया, जिसके बाद कार्यक्रम राष्ट्रगान के साथ सम्पन्न हुआ।
#anugamini #sikkim
No Comments: