गंगटोक : आगामी सिक्किम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 को लेकर राजधानी गंगटोक में देश-विदेश से फिल्म जगत की हस्तियों और प्रतिनिधियों का आगमन शुरू हो गया है, जिससे पूरे राज्य में उत्साह का माहौल बन गया है।
भारत के विभिन्न फिल्म उद्योगों से जुड़ी कई प्रमुख हस्तियां गंगटोक पहुंच चुकी हैं। इनमें शुभांगी दत्त, दिशा खेमलानी, निगम बमजन, कुक्कू परमेस्वरम, सुप्रिया सूरी, नितिन तेज आहूजा, जेनिश फरारी, सुस्मृति श्रेष्ठ और अभिजीत सिंघा सहित कई फिल्म निर्माता, कलाकार और उद्योग से जुड़े पेशेवर शामिल हैं। इनके अलावा ‘बोक्षी’ फिल्म के निर्देशक एवं निर्माता भार्गव सैकिया और लेखक व कार्यकारी निर्माता हर्ष वैभव भी यहां पहुंचे हैं।
सभी अतिथियों का स्वागत सूचना एवं जनसंपर्क विभाग के अधिकारियों द्वारा किया गया। नामची की डीआईओ दीप्ति प्रधान, पाकिम की डीआईओ डीकी डोमा भूटिया सहित संबंधित लायजन अधिकारियों ने अतिथियों का गर्मजोशी से स्वागत किया।
वहीं, भूटान से भी प्रतिनिधिमंडल इस फिल्म महोत्सव में भाग लेने के लिए गंगटोक पहुंचा है। भूटान के दल में मुख्य कार्यक्रम अधिकारी किबा ल्हाडेन, सहायक कार्यक्रम अधिकारी सुजान गुरुंग, सहायक सूचना एवं मीडिया अधिकारी गैले योंजन, अभिनेत्री किनले यूड्रुमा तथा निर्माता एवं वितरक छिरिंग डोलकर शामिल हैं। इनका पारंपरिक खादा और उपहार देकर स्वागत किया गया।
सिक्किम इंटरनेशनल फिल्म फेस्टिवल 2026 का आयोजन 19 से 22 मार्च तक गंगटोक में किया जाएगा। यह पहला अवसर है जब राज्य में अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव आयोजित हो रहा है, जिसे एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर माना जा रहा है। इस महोत्सव में भूटान, नेपाल सहित देश के विभिन्न हिस्सों जैसे मुंबई, केरल, असम, कोलकाता और दिल्ली से भी फिल्म निर्माता और कलाकार भाग लेंगे।
सूचना एवं जनसंपर्क विभाग, सिक्किम सरकार द्वारा सूचना एवं प्रसारण मंत्रालय और नेशनल फिल्म डेवलपमेंट कॉर्पोरेशन (एनएफडीसी) के सहयोग से आयोजित यह महोत्सव सार्थक सिनेमा को बढ़ावा देने और सांस्कृतिक आदान-प्रदान का एक महत्वपूर्ण मंच साबित होगा।
#anugamini
No Comments: