दार्जिलिंग : दार्जिलिंग के सांसद राजू बिष्ट ने पश्चिम बंगाल की जनता की ओर से प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव के प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया है। उन्होंने कहा कि वित्तीय वर्ष 2026-27 के आम बजट में पश्चिम बंगाल के रेलवे ढांचे के रूपांतरण को प्राथमिकता दिया जाना राज्य और विशेषकर उत्तर बंगाल के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण है।
एक प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से सांसद राजू बिष्ट ने जानकारी दी कि बजट में पश्चिम बंगाल के लिए 14,205 करोड़ रुपये का आवंटन किया गया है। उन्होंने कहा कि यह प्रावधान उत्तर बंगाल के आर्थिक विकास को नई दिशा और गति प्रदान करेगा। सांसद राजू बिष्ट ने प्रस्तावित सिलीगुड़ी-वाराणसी बुलेट ट्रेन परियोजना (पटना होते हुए) को उत्तर बंगाल की अर्थव्यवस्था के लिए मील का पत्थर बताया। उन्होंने संकेत दिया कि भविष्य में इस रेल मार्ग का विस्तार पश्चिम में दिल्ली तक और पूर्व में गुवाहाटी तक किए जाने की संभावना है, जिससे क्षेत्रीय संपर्क और व्यापार को बढ़ावा मिलेगा।
उन्होंने आगे बताया कि डुआर्स क्षेत्र के बानरहाट से सामसी (भूटान), कोकराझार होते हुए गेलफू तक प्रस्तावित नई रेल लाइन से भारत और भूटान के बीच आपसी संबंधों के साथ-साथ यातायात व्यवस्था भी मजबूत होगी।सांसद राजू बिष्ट ने रेलवे परियोजनाओं के अंतर्गत हाथियों एवं अन्य वन्यजीवों के संरक्षण के लिए एआई कैमरे लगाने की घोषणा का भी स्वागत किया। उन्होंने इसे पर्यावरण संरक्षण के प्रति सरकार की संवेदनशीलता और दूरदर्शी सोच का परिचायक बताया।
#anugamini #sikkim #darjeeling
No Comments: