दार्जिलिंग : भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा (भागोप्रमो) के अध्यक्ष तथा दार्जिलिंग पहाड़ के प्रमुख नेता अनित थापा ने दार्जिलिंग स्थित महाकाल बाबा धाम से दार्जिलिंग के मतदाताओं को संबोधित करते हुए आगामी विधानसभा चुनाव में शिक्षित और दक्ष उम्मीदवार को वोट देने का आह्वान किया।
थापा ने कहा, यह चुनाव बंगाल को पहाड़ की ओर से एक स्पष्ट संदेश देने का अवसर है कि पहाड़ के लोग शिक्षित और दक्ष व्यक्ति का नेतृत्व चाहते हैं। उन्होंने चुनाव शांतिपूर्ण ढंग से संपन्न होने की कामना करते हुए पहाड़ में अपने नेतृत्व में लाई गई शांति की उपलब्धि को उजागर किया। उनके अनुसार, पहाड़ अब शांति के बाद समृद्धि की राह पर आगे बढ़ रहा है। पहले जो समृद्धि केवल शहर और बाजार तक सीमित थी, अब वह कमान और बस्ती स्तर तक पहुंचने लगी है।
रोजगार के मुद्दे पर थापा ने नकारात्मक मानसिकता को समस्या का मुख्य कारण बताते हुए कहा, पहाड़ में रोजगार के पर्याप्त अवसर मौजूद हैं, जिसका प्रमाण यह है कि बाहर के लोग यहां आकर काम कर रहे हैं। उम्मीदवार के विषय में बोलते हुए थापा ने बीजीपीएम के प्रत्याशी विजय कुमार राय की प्रशंसा करते हुए कहा, “राय एक शिक्षित व्यक्तित्व हैं और उनका पूरा परिवार भी शिक्षित है। उन्होंने आगे कहा कि मतदाताओं को उम्मीदवार की प्रोफाइल, विश्वसनीयता और योग्यता देखकर ही मतदान करना चाहिए।
थापा ने जोर देते हुए कहा, विधानसभा में पहुंचने वाले विधायक की शैक्षिक योग्यता से पश्चिम बंगाल सरकार में पहाड़ के प्रति धारणा बनती है, इसलिए यह चुनाव अत्यंत महत्वपूर्ण है। दूसरी ओर, भागोप्रमो के उम्मीदवार विजय कुमार राई ने कहा, इस समय पहाड़ में शांति है और इस शांति को स्थायी रूप से बनाए रखने में सक्षम दल केवल भारतीय गोरखा प्रजातांत्रिक मोर्चा ही है।
#anugamini
No Comments: