दार्जिलिंग : दार्जिलिंग के सांसद एवं बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता राजू बिष्ट (Raju Bista) ने आज पार्टी के नवनियुक्त राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन (Nitin Nabin) का दार्जिलिंग में स्वागत किया। वे हिमालयी क्षेत्र, तराई, डुआर्स तथा उत्तर बंगाल के दौरे पर आए हैं। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष का पद संभालने के बाद यह उनका पहला उत्तर बंगाल दौरा है।
प्रेस विज्ञप्ति में बिष्ट ने बताया कि नितिन नबीन बिहार के बांकीपुर से पांच बार विधायक रह चुके हैं और महत्वपूर्ण मंत्री पद संभाल चुके हैं। 45 वर्ष की आयु में वे भाजपा के सबसे युवा राष्ट्रीय अध्यक्ष बने हैं। इससे पहले राजू बिष्ट ने पश्चिम बंगाल भाजपा अध्यक्ष समिक भट्टाचार्य के साथ सिलीगुड़ी के प्रसिद्ध सांस्कृतिक स्थल ‘नेताजी केबिन’ में ‘चाय पे चर्चा’ कार्यक्रम में भाग लिया। विधान मार्केट स्थित इस स्थल पर आयोजित चर्चा में उत्तर बंगाल के विकास, रोजगार सृजन, स्थानीय अर्थव्यवस्था और व्यापार को मजबूत बनाने तथा पारदर्शी शासन सुनिश्चित करने पर विस्तार से विचार-विमर्श किया गया।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों, व्यापारियों, युवाओं, महिलाओं और वरिष्ठ नागरिकों ने खुलकर अपनी अपेक्षाएं और चुनौतियां साझा कीं। सांसद बिष्ट ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दृष्टिकोण के प्रति जनता का उत्साह और विश्वास क्षेत्र एवं राज्य की प्रगति के लिए संकल्प को और मजबूत करता है। कार्यक्रम में सिलीगुड़ी भाजपा अध्यक्ष अरुण मंडल, विधायक डॉ. शंकर घोष, निर्वाचित एसएमसी पार्षद, जिला पदाधिकारी एवं पार्टी कार्यकर्ता भी उपस्थित रहे।
#anugamini #sikkim #darjeeling
No Comments: