दार्जिलिंग : इंडियन गोरखा जनशक्ति फ्रंट (आईजीजेएफ) ने दशहरा-दिवाली के बाद भ्रष्टाचार के खिलाफ अभियान चलाने का एलान किया है, लेकिन यह अभियान शांति पूर्ण और कानूनी दायरे में रहकर ही चलाया जाएगा।
शनिवार को दार्जिलिंग में आयोजित युवा संगम कार्यक्रम में पार्टी संयोजक अजय एडवर्ड्स ने कहा कि पार्टी भ्रष्टाचार के खिलाफ सख्त कदम उठाएगी, लेकिन सभी गतिविधियां शांतिपूर्ण ढंग से संचालित होंगी। उन्होंने बताया कि यह निर्णय सभा में सर्वसम्मति से लिया गया। कार्यक्रम में केन्द्रीय कार्यकारिणी सदस्य एनबी छेत्री, सभासद रोबर्ट छेत्री, पासंग लामा और अन्य नेता उपस्थित थे। एडवर्ड्स ने कहा कि पार्टी गठन को 9 महीने हो चुके हैं और योग्य तथा ईमानदार व्यक्तियों को शामिल करने में समय लिया गया। जल्द ही केंद्रीय समिति का विस्तार किया जाएगा।
आईजीजेएफ संयोजक ने जीटीए पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता पक्ष कानूनी प्रक्रिया की अवहेलना करते हुए सरकारी संपत्ति लीज पर दे रहा है। उन्होंने जीटीए द्वारा पिछले तीन वर्षों में चार में से केवल तीन सभाओं का आयोजन करने का तथ्य भी साझा किया। एडवर्डस ने पहाड़ी क्षेत्रों में करोड़ों रुपये के भ्रष्टाचार का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी दशहरा-दिवाली के बाद शांति पूर्ण तरीके से सभी प्रकार की अनियमितताओं और भ्रष्टाचार के खिलाफ संघर्ष करेगी। उन्होंने यह भी कहा कि लोग नकली टेट परीक्षा को अभी तक नहीं भूल पाए हैं। इसके साथ ही उन्होंने याद दिलाया कि आईजीजेएफ का स्थापना दिवस 22 दिसंबर को भव्य रूप से मनाया जाएगा।
No Comments: