अमित शाह से मुलाकात के बाद चुनाव को लेकर अपना रुख स्‍पष्‍ट करेगा गोरामुमो

दार्जिलिंग : Gorkha National Liberation Front (गोरामुमो) आगामी चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट करने में कुछ समय लेगा। संभावना है कि इसी सप्ताह मन घीसिंग अमित शाह से मुलाकात करेंगे। इसके बाद पार्टी की चुनावी रणनीति स्पष्ट होगी।

गोरामुमो पार्टी के केंद्रीय सूत्रों के अनुसार, इस सप्ताह पार्टी प्रमुख मन घीसिंग केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात करेंगे। दिल्ली में हुई इस मुलाकात के बाद गोरामुमो पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव को लेकर अपना रुख स्पष्ट करेगा।

पिछले चुनावों में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने पहाड़, तराई और डुआर्स तथा गोरखाओं की दीर्घकालीन समस्याओं के स्थायी राजनीतिक समाधान और गोरखा समुदाय की 11 जातियों को जनजाति का दर्जा देने जैसे बिंदुओं को अपने चुनाव घोषणा पत्र में शामिल किया था, लेकिन इतने वर्षों बाद भी केंद्र की भाजपा सरकार ने इन संकल्पों को पूरा नहीं किया है। पार्टी सूत्रों के अनुसार, मन घिसिंग गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात में उन्हें इन संकल्पों की याद दिलाएंगे।

सूत्रों का कहना है कि गृह मंत्री अमित शाह से मुलाकात के बाद ही गोरामुमो यह तय करेगा कि आगामी पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव में गठबंधन में उतरना है, अपने उम्मीदवार मैदान में उतारने हैं या चुनाव का बहिष्कार करना है।

उल्लेखनीय है कि 2019 के चुनाव में गोरामुमो ने भाजपा का समर्थन किया था, जब दार्जिलिंग लोकसभा सीट से भाजपा ने राजू बिष्ट को उम्मीदवार बनाया था। वहीं दार्जिलिंग विधानसभा उपचुनाव में गोरामुमो के केंद्रीय कार्यकर्ता नीरज जिम्बा को भाजपा उम्मीदवार के रूप में मैदान में उतारा गया था (क्योंकि दोनों दलों में गठबंधन था) और दोनों ही चुनावों में भाजपा ने जीत हासिल की थी। राजू बिष्ट 2024 के लोकसभा चुनाव में भी विजयी हुए।

भाजपा के केंद्रीय और शीर्ष नेताओं ने भी गोरखाओं की दीर्घकालीन समस्याओं के स्थायी समाधान का वचन दिया था, लेकिन चुनाव घोषणा पत्र में शामिल इन दो बिंदुओं पर अब तक कोई ठोस काम नहीं हुआ है, जिसकी शिकायत पहाड़, तराई और डुआर्स के लोग बार-बार कर रहे हैं। ऐसे में मन घिसिंग का दिल्ली दौरा केवल उम्मीदवार तय करने तक सीमित है या कोई ठोस पहल है, यह कुछ समय बाद स्पष्ट होगा।

एक मीडिया रिपोर्ट में दार्जिलिंग के भाजपा विधायक और गोरामुमो महासचिव नीरज जिम्बा के ‘इस बार खरसांग विधानसभा सीट से चुनाव लड़ने’ के संकेत देने की बात कही गई थी। इस पर गोरामुमो केंद्रीय समिति से पूछने पर जवाब मिला कि यह नीरज जिम्बा का व्यक्तिगत बयान है और इस पर पार्टी का कोई आधिकारिक पक्ष नहीं है।

#anugamini #sikkim #darjeeling

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics