मिरिक : आज एक भव्य समारोह के बीच सौरेनी ग्राम पंचायत संख्या एक में दो भवनों-दयासागर क्लस्टर भवन तथा सौरेनी बस्ती के घुमाउनेटार स्थित कबीर सत्संग भवन- के निर्माण हेतु शिलान्यास गोरखालैंड क्षेत्रीय प्रशासन (जीटीए) के प्रमुख कार्यपाल अनित थापा ने किया।
सौरेनी बाजार स्थित हाटसेट में आयोजित इस समारोह की अध्यक्षता दयासागर क्लस्टर की अध्यक्ष लक्ष्मी छेत्री ने की।
सौरेनी ग्राम पंचायत संख्या एक में स्वयं सहायता समूहों का अपना भवन न होने के कारण क्लस्टर को लंबे समय से असुविधाओं का सामना करना पड़ रहा था। भवन निर्माण के बाद इन समस्याओं से राहत मिलने की उम्मीद है। यहां के स्वयं सहायता समूहों के संघ, उपसंघ और क्लस्टर से जुड़े सदस्य महिलाएं आत्मनिर्भर बनने के लिए उद्यमिता के क्षेत्र में सक्रिय रूप से कार्य कर रही हैं।
जीटीए प्रमुख अनित थापा ने कहा कि रोजगार और आय सृजन के उद्देश्य से चाय बागान प्रबंधकों से बातचीत कर सड़क किनारे दुकानों की व्यवस्था की जाएगी। उन्होंने महिलाओं को स्वावलंबी बनाने के लिए विभिन्न योजनाओं को लागू करने की बात कही। उन्होंने यह भी बताया कि केवल सौरेनी ग्राम पंचायत संख्या एक ही नहीं, बल्कि सौरेनी ग्राम पंचायत संख्या दो में भी क्लस्टर भवन का निर्माण कराया जाएगा, और निर्माण कार्य शीघ्र शुरू होगा।
क्षेत्रीय सभासद अरुण सिग्छी ने अपने संबोधन में कहा कि इस क्लस्टर भवन के निर्माण से स्थानीय स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को काफी लाभ होगा। दयासागर क्लस्टर की अध्यक्ष ने कहा कि निजी भवन न होने से अब तक कई कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था, लेकिन अब बैठक और कार्यालय संचालन में सुविधा होगी। उन्होंने बताया कि लंबे समय से इस भवन की मांग की जा रही थी, जो अब पूरी हो रही है। उन्होंने क्षेत्रीय सभासद अरुण सिग्छी और जीटीए प्रमुख अनित थापा के प्रति आभार व्यक्त किया।
समारोह में भागोप्रमो कार्सियांग विधानसभा क्षेत्र के प्रत्याशी अमर लामा, सौरेनी ग्राम पंचायत संख्या एक की प्रधान अनिता राई, विभागीय अभियंता, पंचायत समिति सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य भी उपस्थित थे। कार्यक्रम में दीक्षा राई दुमी ने स्वागत भाषण दिया, जबकि संचालन क्लस्टर सदस्य रंजना विश्व ने किया।
#anugamini
No Comments: