पटना । पटना के कुम्हरार में बने बापू परीक्षा परिसर ने देशभर में एक नया रिकॉर्ड बना दिया है। अब यह परीक्षा केंद्र देश का सबसे बड़ा परीक्षा केंद्र बन गया है, जहां एक साथ करीब 21,000 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकेंगे। बिहार विद्यालय परीक्षा समिति (बीएसईबी) के अध्यक्ष आनंद किशोर ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में इसकी विस्तृत जानकारी दी।
बिहार बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि बापू परीक्षा परिसर अब देश का सबसे बड़ा और मॉडर्न परीक्षा केंद्र बन चुका है। यहां परीक्षा के लिए आधुनिक तकनीक, कड़ी सुरक्षा व्यवस्था और मजबूत इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित किया गया है, जिससे परीक्षाएं पूरी तरह पारदर्शी और निष्पक्ष हो सकें।
बिहार बोर्ड अध्यक्ष ने बताया कि बापू परीक्षा परिसर के ब्लॉक ए और बी को हाईब्रिड मोड में तैयार किया गया है। यहां ऑनलाइन और ऑफलाइन दोनों मोड में परीक्षाएं कराई जा सकती हैं।
इन दोनों ब्लॉकों में एक साथ 7,500 से 8,500 परीक्षार्थी परीक्षा दे सकते हैं। क्षमता विस्तार के बाद यहां लगभग 11,000 छात्र एक साथ ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे। वहीं, सी ब्लॉक में करीब 3,000 परीक्षार्थियों के परीक्षा देने की सुविधा है। इस तरह पूरे परिसर में कुल 21,000 छात्र एक साथ परीक्षा दे पाएंगे।
बिहार बोर्ड के अनुसार, यह देश का इकलौता परीक्षा केंद्र है, जहां इतनी बड़ी संख्या में परीक्षार्थी एक साथ परीक्षा दे सकते हैं। यहीं से पूरे बिहार में होने वाली ऑनलाइन और ऑफलाइन परीक्षाओं का संचालन और नियंत्रण किया जाएगा। सभी तकनीकी और प्रशासनिक व्यवस्थाएं इसी केंद्र से मॉनिटर होंगी, जिससे परीक्षा व्यवस्था अधिक सुरक्षित और व्यवस्थित बनेगी।
बापू परीक्षा परिसर में राज्य और देश की कई प्रतिष्ठित संस्थाओं ने परीक्षाएं कराई जा चुकी हैं। इनमें प्रमुख रूप से – यूपीएससी, बीएसएससी, एनटीए, बिहार संयुक्त प्रवेश प्रतियोगिता परीक्षा पर्षद, बिहार पुलिस मुख्यालय, डाक विभाग और बिहार विद्यालय परीक्षा समिति शामिल हैं।
इसके अलावा एलआईसी, जीविका, आरआरबी, एनटीपीसी (ग्रेजुएट व अंडरग्रेजुएट), एसटीईटी और सक्षमता परीक्षा जैसी बड़ी परीक्षाएं भी यहां आयोजित की गई हैं।
परीक्षा परिसर में सुरक्षा और निगरानी की विशेष व्यवस्था की गई है। पूरे परिसर में 944 सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं, जिन्हें कंट्रोल रूम से मॉनिटर किया जाता है। इसके अलावा जैमर, बैगेज स्कैनर, मेटल डिटेक्टर और डोर फ्रेम मेटल डिटेक्टर जैसी आधुनिक सुविधाएं मौजूद हैं।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए परिसर में 24 एस्कलेटर, 9 बड़े लिफ्ट, व्हीलचेयर, हर मंजिल पर दिव्यांगों के लिए अलग वॉशरूम और आरओ युक्त शुद्ध पेयजल की व्यवस्था है। बिजली आपूर्ति के लिए सब-स्टेशन और दो बड़े डीजी सेट लगाए गए हैं।
परीक्षार्थियों और अभिभावकों की सुविधा को देखते हुए 60 एकड़ क्षेत्र में मल्टीलेवल पार्किंग बनाने की योजना है, जहां दोपहिया और चारपहिया वाहनों की पार्किंग एक साथ हो सकेगी।
अध्यक्ष आनंद किशोर ने कहा कि आधुनिक तकनीक, कड़ी सुरक्षा और बेहतर सुविधाओं के कारण बापू परीक्षा परिसर देश के आदर्श परीक्षा केंद्रों में शामिल हो चुका है, जिससे आने वाले समय में परीक्षाएं और अधिक पारदर्शी व निष्पक्ष होंगी।
#anugamini
No Comments: