पटना । पंचायती राज दिवस पर गुरुवार को राजद के प्रदेश कार्यालय में कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। तेजस्वी यादव ने इसमें शिरकत की। कार्यक्रम की शुरुआत में तेजस्वी यादव ने पहलगाम में हुए आतंकी हमले में मारे गए लोगों को श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए एक मिनट का मौन रखा।
नेता प्रतिपक्ष ने एनडीए सरकार पर निशाना साधा। तेजस्वी ने कहा, अब समय आ गया है कि जनता बदलाव लाए। लालू जी की विचारधारा को आम जनता तक पहुंचाएं और एक नई शुरुआत करें।
बिहार की जनता ने 20 सालों तक राज्य और 11 सालों तक केंद्र की सरकार को देखा है। इसके बावजूद बिहार आज देश का सबसे गरीब राज्य है। यहां से सबसे ज्यादा पलायन होता है, बेरोजगारी चरम पर है और किसान सबसे ज्यादा पीड़ित हैं। ना कोई उद्योग है, ना व्यापार, जिससे लाखों लोग रोजी-रोटी की तलाश में बाहर जा रहे हैं।
उन्होंने कहा कि बिहार की मौजूदा सरकार पंचायत प्रतिनिधियों पर तानाशाही रवैया अपना रही है। मुखिया और सरपंचों को धमकाया जा रहा है और राज्य में भय का माहौल बना दिया गया है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के कार्यक्रमों में अधिकारी भीड़ जुटाने में लगे रहते हैं, जबकि आम जनता की समस्याओं को अनदेखा किया जा रहा है।
उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार बिहार के साथ सौतेला व्यवहार कर रही है। न तो विशेष पैकेज दिया गया, न विशेष राज्य का दर्जा। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे पंचायत स्तर तक संगठन को मजबूत करें और 2025 के विधानसभा चुनाव में एनडीए को सत्ता से बाहर का रास्ता दिखाएं।
आयोजन पंचायत राज प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र विद्यार्थी की अगुवाई में हुई। हालांकि इसमें जगदानंद सिंह नहीं दिखे।
#anugamini
No Comments: