नीतीश कुमार पूरी तरह से स्वस्थ और सक्रिय : उपेंद्र कुशवाहा

मोतिहारी  । राष्ट्रीय लोक मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेंद्र कुशवाहा ने बिहार की राजनीति को लेकर बयान दिया है। मोतिहारी के नरकटिया विधानसभा क्षेत्र में आयोजित कार्यकर्ता सम्मेलन में उन्होंने कहा कि साल 2025 के विधानसभा चुनाव में राजद का पूरी तरह से सफाया हो जाएगा।

कुशवाहा ने राजद पर तीखा प्रहार करते हुए कहा कि 2020 में राजद को जो सीटें मिली थीं, उसके पीछे के कारणों से बिहार की जनता वाकिफ है। उन्होंने दावा किया कि इस बार जनता राजद को पूरी तरह नकार देगी।

मुख्यमंत्री नीतीश कुमार के स्वास्थ्य पर चल रही अटकलों को लेकर कुशवाहा ने राजद पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार पूरी तरह स्वस्थ हैं। वे लगातार राजनीतिक और सरकारी कार्यक्रमों में सक्रिय रूप से हिस्सा ले रहे हैं। मुख्यमंत्री जिलों का दौरा कर जनता की समस्याएं सुन रहे हैं। वे विकास काम की समीक्षा भी कर रहे हैं।

कुशवाहा ने न्यायिक व्यवस्था पर भी टिप्पणी की। उन्होंने कॉलेजियम सिस्टम को खत्म करने की मांग की। उनका कहना था कि जजों की नियुक्ति में एक बेहतर और पारदर्शी प्रक्रिया लागू होनी चाहिए। उन्होंने दिल्ली में एक जज के घर से बड़ी मात्रा में कैश बरामद होने की घटना का जिक्र किया। कुशवाहा ने इस मामले की जांच की मांग की। उन्होंने कहा कि दोष सिद्ध होने पर संबंधित जज को बर्खास्त किया जाना चाहिए।

सम्मेलन में उपेंद्र कुशवाहा ने पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि वे तन-मन-धन से पार्टी को मजबूत करें और एनडीए की जीत सुनिश्चित करें। उन्होंने कहा कि बिहार की जनता ने नीतीश कुमार के नेतृत्व में विकास को प्राथमिकता दी है और आगामी चुनाव में भी जनता एनडीए को ही समर्थन देगी।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics