हाजीपुर । पूर्व बाहुबली विधायक मुन्ना शुक्ला की तबीयत बिगड़ गई है। उन्हें इलाज के लिए पटना लाया गया है। फिलहाल, पटना के आईजीआईएमएस में उनका इलाज चल रहा है। जेल सुपरिटेंडेंट ने बताया कि आंख के रेटीना में तकलीफ हुई थी, जिसके बाद उन्हें भागलपुर जेल से पटना के बेऊर शिफ्ट किया गया है। फिलहाल, ट्रीटमेंट चल रहा है और मोतियाबिंद का ऑपरेशन होना है।
विधायक मुन्ना शुक्ला को 15 दिन पहले आंख में दर्द की शिकायत हुई थी। इसके बाद उनका भागलपुर में इलाज कराया गया। डॉक्टरों ने बेहतर इलाज के लिए पटना जाने की सलाह दी। इसके बाद उन्हें पटना शिफ्ट किया गया है।
पूर्व मंत्री बृज बिहारी प्रसाद की हत्या के मामले में विजय कुमार शुक्ला उर्फ मुन्ना शुक्ला सजायाफ्ता हैं। हाईकोर्ट ने इस मामले में दोषी पाया था। इसके बाद उम्रकैद की सजा सुनाई थी। मुन्ना शुक्ला की ओर से इस फैसले के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में समीक्षा के लिए याचिका दायर की गई थी। हालांकि, सुप्रीम कोर्ट ने हाईकोर्ट के फैसले को सुरक्षित रखा।
इसी मामले में फिलहाल मुन्ना शुक्ला जेल में हैं। विधानसभा चुनाव से ठीक कुछ दिन पहले उन्हें बेऊर जेल से भागलपुर शिफ्ट किया गया था। अब दोबारा उन्हें इलाज के लिए पटना लाया गया है।
बता दें कि 1998 में तत्कालीन मंत्री सह राजद नेता बृज बिहारी प्रसाद की हत्या पटना के आईजीआईएमएस में इलाज के दौरान कर दी गई थी। इसमें उतर प्रदेश के डॉन श्रीप्रकाश शुक्ला, मुन्ना शुक्ला, मंटू तिवारी, राजन तिवारी, सतीश पांडेय समेत अन्य लोगों का नाम सामने आया था।
#anugamini
No Comments: