लोकतंत्र में जनता राजा चुनेगी, रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा : विजय सिन्हा

औरंगाबाद । औरंगाबाद के कुटुंबा विधानसभा में रविवार को एनडीए कार्यकर्ता सम्मेलन का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में डिप्टी सीएम विजय सिन्हा, भवन निर्माण मंत्री जयंत राज, जिले के प्रभारी मंत्री सह राज्य सरकार के लघु जल संसाधन मंत्री व पूर्व सांसद सुशील कुमार सिंह शामिल हुए।

कार्यकर्ताओं ने नेताओं का स्वागत किया। सभा को संबोधित करते हुए नेताओं ने कार्यकर्ताओं में जोश भरा। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए डिप्टी सीएम विजय सिन्हा ने महागठबंधन पर जमकर हमला बोला। उन्होंने कहा कि राजद और कांग्रेस के लोग गलबहिया करके परिवारवाद करते हैं। महागठबंधन के लोग उस युवराज को आगे लाना चाहते हैं, जिसने कभी जमीन पर काम नहीं किया।जो कभी जनता के बीच प्रवास नहीं किया।

विजय सिन्हा ने कहा, राहुल गांधी और तेजस्वी यादव के माता-पिता मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री रह चुके हैं। राहुल गांधी चौथी पुस्त है। उन्हें जनता के बीच जाकर उनकी समस्याओं को समझना चाहिए था। लेकिन उन्हें विश्वास है कि रानी के पेट से राजा पैदा होगा। संविधान निर्माता डॉ भीमराव अंबेडकर ने कहा था कि रानी के पेट से राजा पैदा नहीं होगा।

लोकतंत्र में देश की जनता राजा चुनेगी। परिवारवाद देश के लिए बड़ी चुनौती है। जो सोने का चम्मच लेकर पैदा होते हैं। अनुकंपा की राजनीति करते हैं, वैसे लोग बिना जनता का सेवक बने सत्ता का सुख भोगना चाहते हैं। क्या ऐसे लोगों के हाथ में बागडोर देना सही होगा। क्या ऐसे लोग बिहार का सम्मान बढ़ा सकते हैं। ये वही लोग हैं जो जंगल राज की पाठशाला में पढ़कर आए हैं।

उन्होंने कहा कि जंगल राज की पाठशाला में पढ़ने वाला नरसंहार, हत्या, लूट बलात्कार को बढ़ावा देते हैं । ये सत्ता के योग्य नहीं है। हम लोगों को तो सुशासन चाहिए। सुशासन का मतलब ही राम राज्य सबका साथ सबका विकास होता है। हम न्याय के साथ विकास करने की बात करते हैं। लेकिन यह दोनों युवराज जब चुनाव आता है, मौसम के हिसाब से बात करते हैं। जहां चुनाव जीतने की स्थिति रहती है, वहां चुनाव आयोग को कुछ नहीं बोलता है।

उन्होंने कहा कि जहां चुनाव हारने की स्थिति रहेगी वहां चुनाव आयोग पर प्रश्न उठाएगा। संविधान की किताब लेकर चलते हैं यह लोग, कहते हैं संविधान खतरे में है। आरक्षण खत्म कर देगा। लोकसभा चुनाव में विदेशी ताकतों के पैसों के बल पर महागठबंधन ने पूरे देश में माहौल बना दिया। गरीबों के बीच जाकर के प्रचार किया कि संविधान खतरे में है। लेकिन आज संविधान को कोई सुरक्षित रखा है तो देश के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी हैं। उनके नेतृत्व में संविधान सुरक्षित है। गरीबों के आरक्षण का अधिकार सुरक्षित है।

उन्होंने कहा कि राजद के लोग जो अपने परिवार से बाहर किसी का नेतृत्व स्वीकारने के लिए तैयार नहीं है। वो आरक्षण का कैसे सम्मान करेगा। जो अपने दल के अंदर हर एक पद परिवार के लिए आरक्षित कर चुके हैं,वह व्यक्ति आरक्षण का समर्थक नहीं हो सकता। वह तो परिवारवाद और अहंकार के मानसिकता से चलता है। जो अपने दल के अंदर अपने विधायकों और कार्यकर्ताओं को बंधुआ मजदूर समझता है। ये मानसिकता बिहार के लोकतंत्र के लिए खतरा है।

विजय सिन्हा ने कहा, बिहार लोकतंत्र के जननी है। इस लोकतंत्र की जननी पर कोई माता बहनों का अपमान करें बर्दाश्त के लायक नहीं है। जिस तरह से नरेंद्र मोदी की माता को गाली दी गई यह बिहार को शर्मसार करने वाली है। बिहार की धरती का बड़ा ही गौरव शाली इतिहास रहा है। यह ज्ञान विज्ञान की भूमि थी, यहां के लोग दया के पात्र नहीं है, अपने श्रम से अपनी पहचान बनाते हैं। लेकिन इन लोगों ने बिहारी को गाली बना दिया।

विजय सिन्हा ने कहा, राजद-कांग्रेस के लोग सत्ता में बैठकर बिहारी को गाली बना दिया। हमारे बच्चों के विद्यालय चरवाहा विद्यालय में बदल दिया गया। लेकिन आज बिहार बदला है। एनडीए की सरकार में हर जिले के अंदर इंजीनियरिंग कॉलेज, पॉलिटेक्निक कॉलेज, आईटीआई, महिला आईटीआई और मेडिकल कॉलेज खोला जा रहा है। सारे तकनीकी संस्थान हर जिले के अंदर खोला जा रहा है। लेकिन राजद के लोग बता दे कि उनके रीजन में क्या व्यवस्था थी। ये सिर्फ बिहार को जातिवाद में बांटकर बर्बाद करने में लग रहे।

कार्यक्रम के दौरान भारतमाला परियोजना प्रभावित किसानों ने डीएम को बर्खास्त करो व किसानों को उचित मुआवजा दिलाए जाने संबंधी बैनर लेकर नारेबाजी की। संबोधन के दौरान उप मुख्यमंत्री ने कहा कि हर हाल में किसानों को उचित मुआवजा दिलाया जाएगा। जो गड़बड़ी करेगा उसे माफ नहीं किया जाएगा।

#anugamini #bihar

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics