पाकिम : सिक्किम के वाणिज्य एवं उद्योग विभाग के तहत पाकिम डीआईसी द्वारा सिक्किम एंटरप्रेन्योरशिप एंड इकोनॉमिक डेवलपमेंट (सीड) सेल के साथ मिलकर आज रोंगली के छुजाचेन में राज्य एवं केंद्र सरकार की एमएसएमई योजनाओं पर एक जागरुकता कार्यक्रम आयोजित हुआ। इसका मुख्य उद्देश्य मौजूदा और नए उद्यमियों के लिए विभाग द्वारा लागू की जा रही विभिन्न राज्य एवं केंद्र सरकारी योजनाओं के बारे में जागरूक करना था।
इस दौरान, मुख्य अतिथि के रुप में उपस्थित छुजाचेन विधायक के ओएसडी डंबर प्रधान ने मुख्यमंत्री के “एक परिवार एक उद्यमी” के विजन को दोहराते हुए आय बढ़ाने और आत्मनिर्भरता में मदद के लिए हर घर में एक उद्यमी की अवधारणा पर जोर दिया। उन्होंने उम्मीद जताई कि इस तरह की कोशिशों से स्थानीय उद्यमी अपने काम को बढ़ाते हुए राष्ट्रीय पर पहचान बना पाएंगे।
वहीं, पाकिम डीआईसी के महाप्रबंधक जिग्मी भूटिया ने जिले में आर्थिक विकास हेतु उद्यमियों और औद्योगिक विकास को बढ़ावा देने को डीआईसी का मकसद बताते हुए पंचायत सदस्यों और मौजूद लोगों से बताई गई योजनाओं के बारे में जानकारी फैलाने और योग्य लोगों को मदद के लिए विभाग से संपर्क करने के लिए बढ़ावा देने की अपील की। इसके अलावा, उन्होंने प्रतिभागियों को सिक्किम स्टार्ट-अप पॉलिसी, 2025 सहित केंद्र और राज्य सरकार की अलग-अलग कोशिशों के बारे में बताया।
कार्यक्रम में अपने मुख्य भाषण में सीड सेल के अध्यक्ष डॉ राज लामा ने कहा कि सेल का मुख्य फोकस स्थानीय उद्यमिता को बढ़ावा देना है। उन्होंने इसके काम करने के तरीकों और राज्य में उद्यमियों के सहयोग हेतु की जाने वाली विभिन्न गतिविधियों के बारे में बताया। ऐसे में, उन्होंने हर घर में कम से कम एक उद्यमिता पहल को बढ़ावा देने की जरूरत पर जोर दिया। साथ ही, उन्होंने युवा पीढ़ी को व्यवसाय के मौके तलाशने के लिए प्रेरित करने की अहमियत पर भी जोर दिया।
कार्यक्रम के दौरान कई योजनाओं और डिजिटल प्लेटफॉर्म के साथ कई तकनीकी प्रस्तुतियां दी गईं। इसमें रैंप योजना सलाहकार जनमजीत दास ने योजना के तहत स्ट्रेटेजिक इन्वेस्टमेंट प्लान (एसआईपी) को लागू करने पर प्रस्तुति दी। उनके साथ, पाकिम डीआईसी इंस्पेक्टर हेमलता सुब्बा ने ओपन नेटवर्क फॉर डिजिटल कॉमर्स और गवर्नमेंट ई-मार्केटप्लेस पोर्टल का एक छोटा सा अवलोकन दिया।
इसके अलावा, पाकिम डीआईसी इंस्पेक्टर जिकमी लेप्चा ने उन्नति (उत्तर पूर्वा ट्रांसफॉर्मेटिव इंडस्ट्रियलाइजेशन स्कीम), 2024 पर प्रस्तुति दी। उन्होंने बताया कि उन्नति एक केंद्रीय योजना है जिसका उद्देश्य पूर्वोत्तर क्षेत्र में औद्योगिक विकास और रोजगार पैदा करना है। सत्र में खाद्य आधारित उद्यमों, लाइसेंसिंग श्रेणियों और अनुपालन मानदंडों के लिए एफएसएसएआई पंजीकरण प्राप्त करने की प्रक्रिया को भी शामिल किया गया।
प्रस्तुतियों के बाद एक चर्चा सत्र में प्रतिभागियों ने योजनाओं के बारे में प्रश्न पूछे। कार्यक्रम में जिला पंचायत, चुजाचेन जीपीयू के पंचायत सदस्य, सीड सेल संयोजक विकास शर्मा और जॉइंट कोऑर्डिनेटर जांगपो लेप्चा शामिल रहे।
#anugamini #sikkim
No Comments: