जयपुर में आज लॉन्च होगा किसानों का एआई प्लेटफॉर्म ‘भारत विस्तार’

नई दिल्ली । केंद्रीय कृषि एवं किसान कल्याण तथा ग्रामीण विकास मंत्री शिवराज सिंह चौहान 17 फरवरी को राजस्थान के जयपुर में किसानों के लिए अत्याधुनिक एआई आधारित डिजिटल प्लेटफॉर्म ‘भारत विस्‍तार’ लॉन्च करेंगे। यह पहल प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में तैयार की गई है, जिसका उद्देश्य देशभर के किसानों को तकनीक से सशक्त बनाकर खेती को अधिक स्मार्ट, वैज्ञानिक और लाभकारी बनाना है।

इस प्लेटफॉर्म के माध्यम से किसान फोन कॉल, चैटबॉट और आगामी मोबाइल ऐप की सहायता से मौसम पूर्वानुमान, मंडी भाव, कीट व रोग नियंत्रण, मिट्टी स्वास्थ्य, फसल प्रबंधन तथा सरकारी योजनाओं की जानकारी एक ही स्थान पर प्राप्त कर सकेंगे। खास बात यह है कि इसे ‘वॉयस फर्स्ट एआई’ मॉडल पर विकसित किया गया है, जिससे साधारण फीचर फोन रखने वाले किसान भी सिर्फ कॉल करके जानकारी हासिल कर पाएंगे। इसके लिए टेलीफोनी हेल्पलाइन 155261 को प्लेटफॉर्म से जोड़ा गया है।

जयपुर में आयोजित होने वाले इस भव्य लॉन्च कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा, केंद्रीय कृषि राज्य मंत्री, राज्य सरकार के मंत्री, सांसद, विधायक, वरिष्ठ अधिकारी तथा बड़ी संख्या में किसान उपस्थित रहेंगे, जबकि देशभर के लाखों किसान वर्चुअल माध्यम से इससे जुड़ेंगे। कार्यक्रम के दौरान ‘एआई फॉर एग्रीकल्चर रोडमैप’ भी जारी किया जाएगा तथा ‘एआई हैकथॉन’ और ‘एग्रीकोष’ जैसी पहल की घोषणा की जाएगी।

‘भारत विस्‍तार’ को कृषि क्षेत्र के लिए विशेष रूप से तैयार डिजिटल पब्लिक इंफ्रास्ट्रक्चर के रूप में डिजाइन किया गया है, जो विभिन्न सरकारी, वैज्ञानिक और बाजार संबंधी डेटा स्रोतों को एकीकृत करता है। पहले चरण में यह हिन्दी और अंग्रेज़ी भाषाओं में महाराष्ट्र, बिहार और गुजरात जैसे राज्यों में शुरू होगा तथा बाद में अन्य राज्यों और भारतीय भाषाओं तक इसका विस्तार किया जाएगा। इसका ढांचा ‘प्लग एंड प्ले’ मॉडल पर आधारित है, जिससे अलग-अलग प्रणालियों को आसानी से जोड़ा जा सकेगा।

प्लेटफॉर्म में मौसम संबंधी जानकारी, मंडी दर, कीट एवं रोग प्रबंधन, मृदा स्वास्थ्य सलाह, फसल प्रबंधन और कम से कम दस प्रमुख केंद्र सरकार योजनाओं की जानकारी एकीकृत की गई है। किसान न केवल योजना विवरण देख सकेंगे बल्कि आवेदन की स्थिति ट्रैक करने और शिकायत दर्ज करने की सुविधा भी प्राप्त करेंगे, जिससे उन्हें बार-बार कार्यालयों के चक्कर नहीं लगाने पड़ेंगे।

इस डिजिटल प्रणाली को वैज्ञानिक रूप से मजबूत बनाने के लिए भारतीय कृषि अनुसंधान परिषद तथा कृषि विश्वविद्यालयों और कृषि विज्ञान केंद्रों के विशेषज्ञ डेटा और पैकेज ऑफ प्रैक्टिसेज को भी शामिल किया गया है। इससे किसानों को क्षेत्र-विशेष आधारित विश्वसनीय सलाह मिल सकेगी और बेहतर निर्णय लेने में सहायता मिलेगी।

सरकार का मानना है कि “भारत विस्‍तार” भविष्य में राष्ट्रीय स्तर का कृषि डिजिटल नेटवर्क बनकर किसानों के लिए एक वर्चुअल कृषि सलाहकार की भूमिका निभाएगा और तकनीक आधारित खेती को नई दिशा देगा।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics