नामची : नामची के कृषि विभाग की ओर से आज पीएमश्री सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जोरथांग में स्कूल मृदा स्वास्थ्य कार्यक्रम का सफल आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम का उद्देश्य विद्यार्थियों और विद्यालय स्टाफ को मृदा स्वास्थ्य तथा सतत कृषि के महत्व से अवगत कराना था।
कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने व्यावहारिक गतिविधियों के माध्यम से मृदा परीक्षण से जुड़ी जानकारी प्राप्त की। कार्यक्रम की शुरुआत नामची कृषि विभाग के उप निदेशक वांग्याल लेप्चा के स्वागत भाषण से हुई। उन्होंने मृदा स्वास्थ्य कार्ड योजना के इतिहास पर प्रकाश डालते हुए बताया कि इसकी शुरुआत वर्ष 2015 में हुई थी तथा 2022-23 से इसे राष्ट्रीय कृषि विकास योजना (आरकेवीवाई) के मृदा स्वास्थ्य एवं उर्वरता घटक के अंतर्गत शामिल किया गया है।
उन्होंने इसे कृषि एवं किसान कल्याण मंत्रालय की एक पायलट परियोजना बताते हुए विद्यालय स्तर पर इसके उद्देश्यों और अवधारणा को स्पष्ट किया। इस अवसर पर एटीएमए के उप परियोजना निदेशक सह कृषि विभाग के उप निदेशक डॉ नेशन चामलिंग ने कार्यक्रम के अंतर्गत की जाने वाली प्रमुख गतिविधियों की जानकारी दी। उन्होंने मृदा नमूना संग्रह, कृषक पंजीकरण, सरल रासायनिक विश्लेषण, जीपीएस निर्देशांक दर्ज करने तथा मृदा स्वास्थ्य कार्ड निर्माण की प्रक्रिया के बारे में विस्तार से बताया।
कार्यक्रम में केवीके के एसएमएस (मृदा विज्ञान) डॉ. बसंत तमांग ने मृदा नमूना एकत्र करने और उसके सही तरीके से रखरखाव पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने विद्यार्थियों को सरल भाषा में मृदा परीक्षण की व्यावहारिक तकनीकों को समझाया। इसके बाद नामची स्थित मृदा परीक्षण प्रयोगशाला के लैब तकनीशियन जितेंद्र लिम्बू द्वारा मृदा परीक्षण का प्रत्यक्ष प्रशिक्षण भी दिया गया, जिसमें विद्यार्थियों ने उत्साहपूर्वक भाग लिया।
कार्यक्रम में संतोष लिम्बू, सूरज लामा, नागेन तमांग, सुश्री बंदना प्रधान, दिवस शंकर सहित अनेक अधिकारी एवं शिक्षक उपस्थित रहे। बड़ी संख्या में विद्यार्थियों ने सक्रिय रूप से भाग लेकर कार्यक्रम को सफल बनाया। कार्यक्रम के सफल आयोजन के लिए पीएमश्री सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय, जोरथांग की प्रधानाचार्या श्रीमती निशा राई के प्रति विशेष आभार व्यक्त किया गया, जिन्होंने अपने व्यस्त कार्यक्रम के बावजूद आयोजन के लिए महत्वपूर्ण सहयोग प्रदान किया। यह कार्यक्रम कृषि विभाग की उस प्रतिबद्धता को दर्शाता है, जिसके तहत युवा पीढ़ी को मृदा स्वास्थ्य, सतत कृषि और पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूक किया जा रहा है, ताकि वे भविष्य में जागरूक, जिम्मेदार और संवेदनशील नागरिक बन सकें।
#anugamini #sikkim
No Comments: