हाजीपुर । लोजपा (रामविलास) के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान नए साल के बाद पहली बार पटना पहुंचे हैं। चिराग पासवान ने रविवार सुबह मुख्यमंत्री नीतीश कुमार से मुलाकात की। चिराग ने सीएम नीतीश को नव वर्ष की बधाई दी। इसके बाद चिराग पासवान राजभवन पहुंचे, जहां वे बिहार के राज्यपाल आरिफ मोहम्मद खान से भी मिले। इस दौरान उनके साथ लोजपा (आर) के प्रदेश अध्यक्ष राजू तिवारी सहित बिहार सरकार में मंत्री संजय पासवान भी मौजूद रहे।
इस मौके पर चिराग ने बिहार की जनता को नए वर्ष की शुभकामनाएं दी और कहा कि यह साल ज्यादा खुशहाली लेकर आए। चिराग ने बताया कि बिहार में जीत के बाद अब आभार यात्रा पर निकलेंगे। इसकी रुपरेखा बनाई जा रही है। 15 जनवरी को हम लोगों ने पार्टी दफ्तर में दही चूड़ा का आयोजन किया है।
पटना में चिराग पासवान ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कहा कि विपक्ष ने पिछले कुछ सालों से झूठ बोलकर और लोगों को भ्रमित कर डराने की राजनीति शुरू की है। विपक्ष ने जनता के बीच एक डर और भय का माहौल पैदा करने का काम किया है। सीएए जैसे कानून को नागरिकता छीनने वाला कानून बताया। इन्होंने भ्रम फैलाया कि मुसलमानों को नागरिकता नहीं दी जाएगी, उनकी नागरिकता छीन ली जाएगी। एसआईआर जैसे विषय का भी विरोध किया। वोट चोरी की बात कही।
चिराग ने आगे कहा, राहुल गांधी ने 15 दिन तक लोगों के बीच में जाकर खराब माहौल किया। जो प्रक्रिया है, उसके तहत विरोध नहीं किया। आम जनता के बीच बस भ्रम फैलाया। लेकिन बिहार की जनता ने एकतरफा फैसला लेकर इनको दिखाया।
मनरेगा को लेकर कांग्रेस ने बड़े-बड़े दावे कर हमारे देश के लोगों को मिट्टी खोदने के काम में लगाया। मनरेगा सिर्फ भ्रष्टाचार का अड्डा बनकर रह गया। गलत तरीके से बिचौलिए पैसे ले जाते हैं। इस व्यवस्था का फायदा किसी गरीब को नहीं मिला। लेकिन जो व्यवस्था से जुड़े थे, उन लोगों ने बड़े-बड़े बंगले बना लिए। ये उनके सोच और भ्रष्टाचार की योजना थी। जब उन लूपहोल को हम लोगों ने कसने का काम किया तो उन्हें तिलमिलाहट हो रही है।
विभा जी-रीम-जी योजना को लेकर चिराग ने कहा, ये लोग बापू के नाम पर राजनीति कर रहे हैं। बापू के नाम को हटाने का कोई सोच भी नहीं सकता। कांग्रेस को हमेशा से राम नाम से ऐतराज रहा है। ये सीधा-सीधा नहीं कह सकते कि इनको राम नाम से परेशानी है। इसलिए बापू का नाम इस्तेमाल कर रहे। बापू के सबसे प्यारे नाम में से एक राम था।
चिराग पासवान ने कहा, ‘विपक्ष ने एक और भ्रम फैलाया कि अब स्टेट के ऊपर ज्यादा भाड़ पड़ेगा। किसको चिंता हो रही है, कितने राज्यों में आपकी सरकार है। केंद्र से फायदा लेना होगा तो संघीय ढांचा रटते नहीं थकते ये लोग। मनरेगा में स्टेट ने कभी इस ऑनरशिप को समझा ही नहीं। अब जब जिम्मेदारी बांटी जाएगी तो राज्य का भी योगदान होगा। भारत को सशक्त करने के सोच के साथ जो बदलाव किए गए हैं, उसका फायदा जरूर होगा।’
इस योजना से इन्फ्रास्ट्रक्चर का निर्माण किया जाएगा। ये लोग मेरिट पर डिस्कस नहीं कर रहे, लेकिन देशभर में जी-राम-जी को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। हकीकत में यह कांग्रेस के भ्रष्टाचार पर प्रधानमंत्री का सीधा प्रहार है। इसलिए ये विरोध कर रहे हैं। ऐसा ही इन लोगों ने सीएए के समय किया था। घुसपैठिया को बाहर निकाला जायेगा। देश के किसी नागरिक के ऊपर भी कोई आंच नहीं आएगी।
चिराग पासवान ने आगे कहा, ‘बंगाल में हम लोग डबल इंजन की एनडीए सरकार बनाने जा रहे हैं। तमिलनाडु में भी हमारी सरकार बनेगी। असम में हम लोग वापस आएंगे। एलजेपी भी इन सभी राज्यों में अपनी भूमिका निभाने को तैयार है। बंगाल और असम दोनों राज्यों में कितनी सीटों पर हम लोग चुनाव लड़ेंगे, इसके लिए अभी देख रहे हैं कि हम लोग की मजबूती कैसी है। हम डेढ़ महीने बाद बताने की स्थिति में रहेंगे कि कितनी सीटों पर चुनाव लड़ेंगे। मैं रिपोर्ट पर नहीं परफॉरमेंस पर विश्वास रखता हूं। दिसंबर के आखिरी हफ्ते में इसकी रिपोर्ट हमने मांगी है। पता नहीं कौन सी रिपोर्ट के आधार पर ये बात कही जा रही है। जब वित्तीय वर्ष की समाप्ति के बाद भी यदि सांसद फंड अनयूज्ड रह जाता है, तब ये सवाल पूछे कि आपके सांसद ने फंड का इस्तेमाल नहीं किया। अभी पूछना जल्दबाजी होगी।
नेता प्रतिपक्ष सदन से गायब रहते हैं सत्र चलने के दौरान भी आप गायब रहते है। मीडिया से संवाद नहीं करते। आज राजद जिस स्तर पर पहुंच गयी है, आने वाले दिनों में इनका नामो निशान मिट जायेगा।
#anugamini
No Comments: