बिहार चुनाव सभी के लिए सबक : एमके स्टालिन

नई दिल्ली । बिहार विधानसभा चुनाव में विपक्षी दलों के इंडिया गठबंधन ( महागठबंधन ) की करारी हार के लिए तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एमके स्टालिन (MK Stalin) ने चनाव आयोग को दोषी ठहराया है। एमके स्टालिन ने शनिवार को कहा कि चुनाव आयोग ने अपनी निष्पक्षता खो दी है। उन्होंने यह भी कहा कि देश के नागरिकों को एक मजबूत और निष्पक्ष चुनाव आयोग की जरूरत है, जिसके चुनाव कराने के तरीके पर हारने वालों को भी भरोसा हो। स्टालिन ने यह बातें एक्स पर एक पोस्ट में कही।

बिहार के विधानसभा चुनाव में महागठबंधन 243 सीटों में से केवल 35 सीटें जीत सका। इस चुनाव के बाद नीतीश कुमार के 10वीं बार बिहार का मुख्यमंत्री बनने की संभावना है। स्टालिन ने नीतीश कुमार को उनकी निर्णायक जीत पर बधाई दी और कहा कि वे बिहार की जनता की उम्मीदों को पूरा करेंगे।

स्टालिन ने बिहार के पूर्व उपमुख्यमंत्री तेजस्वी यादव और लोकसभा में कांग्रेस के नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के कड़ी मेहनत वाले प्रचार की सराहना की। स्टालिन को भरोसा है कि महागठबंधन भविष्य के चुनावों में वापसी करेगा। उन्होंने अपनी एक्स पोस्ट में ‘बिहार चुनाव 2025: सभी के लिए सबक’ शीर्षक दिया।

स्टालिन ने कहा कि चुनाव के नतीजे कल्याणकारी योजनाओं के वितरण, सामाजिक और वैचारिक गठजोड़, स्पष्ट राजनीतिक संदेश और आखिरी वोट तक समर्पित प्रबंधन को दर्शाते हैं। उन्होंने यह भी कहा कि महागठबंधन के नेता अनुभवी राजनीतिज्ञ हैं जो संदेश को समझ सकते हैं और उभरती चुनौतियों से निपटने के लिए रणनीतिक योजना बना सकते हैं।

स्टालिन ने कहा, चुनाव आयोग की प्रतिष्ठा अपने निम्नतम स्तर पर है। उन्होंने कहा, इस देश के नागरिकों को एक मजबूत और अधिक निष्पक्ष चुनाव आयोग का हक है, जिसके चुनाव कराने के तरीके पर वे लोग भी भरोसा कर सकें जो जीतते नहीं हैं।

#anugamini

No Comments:

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

National News

Politics