गंगटोक : सिक्किम में बीते सप्ताह तीन नाबालिग लड़कियों के साथ शारीरिक उत्पीडऩ के अलग-अलग मामले प्रकाश में आए हैं। बीते 6 से 8 जून के बीच हुईं इन घटनाओं में पीडि़त किशोरियों की उम्र 14-15 हैं, जो अपने परिचित एवं तथाकथित विश्वसनीय पुरुषों के ही उत्पीडऩ का शिकार बनी हैं। पुलिस ने इन मामलों में दो संदिग्धों को गिरफ़्तार किया है, वहीं तीसरा व्यक्ति अभी भी फरार है।
जानकारी के अनुसार, पहली घटना 6 जून को सोरेंग क्षेत्र के नया बाजार में सामने आई। इसमें 14 वर्षीय किशोरी ने सोरेंग बाल कल्याण समिति पहुंच कर आपबीती सुनाई। पीड़िता के अनुसार, 6 जून को उसके चाचा उसे एक निकटवर्ती स्थान पर ले गए और बुरी तरह उत्पीड़न किया। लड़की ने यह भी बताया कि उसके साथ ऐसा पहली बार नहीं हुआ और बड़ा सामदोंग निवासी 26 वर्षीय उसका चाचा दो साल से उसे विभिन्न जगहों पर बुलाकर उसका उत्पीड़न करता रहा है।
पीडि़ता के इस हैरतअंगेज बयान के बाद सोरेंग सीडब्ल्यूसी प्रमुख ने तुंरत नया बाजार पुलिस को घटना के बारे में बताया। इसके बाद पुलिस ने पॉक्सो कानून की धाराओं के तहत मामला दर्ज कर 6 जून को ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। फिलहाल आरोपी पुलिस हिरासत में है और मामले की जांच की जा रही है।
वहीं, इसके एक दिन बाद 7 जून को सोरेंग इलाके के ही कालुक बाजार से एक और मामला सामने आया, जिसमें 14 वर्षीय एक अन्य किशोरी ने सीडब्ल्यूसी को बताया कि उसके मुंहबोले ‘भाई’ ने ही उसके साथ दुर्व्यवहार किया। लड़की ने बताया कि 20 वर्षीय बिहार के मधेपुरा निवासी वह व्यक्ति एक गैरेज में काम करता है और कथित तौर पर 3 जून को उसने लड़की को कलुक में अपने किराए के कमरे में ले जाकर उसके साथ दुर्व्यवहार किया। लड़की ने कहा कि वह पहले तो किसी को बताने से बहुत डरी हुई थी। इस खुलासे के बाद, पुलिस ने 7 जून को ही पॉक्सो कानून के तहत मामला दर्ज कर उक्त आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
इसके अलावा, तीसरी घटना में 8 जून को गेजिंग क्षेत्र के लोअर क्योंगशा में रहने वाली एक 15 वर्षीय लड़की ने बताया कि उसे उसके पड़ोस में ही रहने वाले एक आदमी ने बुरी तरह से छुआ। आरोपी एक जेसीबी मशीन चलाता है। लड़की के अनुसार, 5 जून को जब वह अकेली थी तो आरोपी उसके घर आया और उसी दौरान उसके शरीर को गलत तरीके से छुआ, उसकी गर्दन को काटा और उसे चूमा। इस घटना की सूचना चाइल्ड हेल्पलाइन पर दी गई, जिसके बाद पीडि़त लड़की सहायता हेतु चाइल्ड हेल्पलाइन यूनिट लड़की के घर गयी।
लड़की की मेडिकल जांच के बाद पुलिस ने उसका बयान दर्ज कर उसे वापस उसके परिजनों के पास भेज दिया। वहीं, पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता और पॉक्सो कानून के तहत मामला शुरू कर आरोपी को तलाश रही है। हालांकि, वह अभी तक पकड़ में नहीं आया है।
#anugamini #sikkim
No Comments: